गांव जटवाड़ा फाटक के पास एक शिक्षिका ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ दादर एक्सप्रेस के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। सूचना के बाद पहुुंची राजकीय रेलवे पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। शिक्षिका के आत्महत्या करने के पीछे उसके पति का शराब पीने का आदी होना बताया जा रहा है। महिला के मायके वाले उसके शव को रोहतक ले गए और वहीं तीनों का अंतिम संस्कार किया। मायके वालों ने अभी पुलिस के सामने अपने बयान दर्ज नहीं कराए हैं। रेलवे पुलिस का कहना है कि बयान दर्ज करने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जटवाड़ा निवासी एक व्यक्ति की पत्नी मीनू (32) ने मंगलवार रात को जटवाड़ा फाटक के पास अपनी बेटी वंशिका (8) व बेटे शौर्य (5) के साथ दादर एक्सप्रेस के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। एक्सप्रेस के चालक ने किसी के ट्रेन की चपेट में आने की सूचना स्टेशन मास्टर को दी। इसी बीच वहां से गुजरी ऊंचाहार एक्सप्रेस के चालक ने रेलवे ट्रैक पर तीन के शव पड़े होने की जानकारी दी। मामले की सूचना मिलते ही राजकीय रेलवे थाना प्रभारी राजकुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शवों को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम करवाने के लिए सामान्य अस्पताल में भिजवा दिया। बुधवार सुबह तीनों शवों की पहचान मीनू, वंशिका व शौर्य के रूप में हुई। मीनू के पिता मूलरूप से गांव गोरड फिलहाल रोहतक की कैलाश कॉलोनी निवासी राजेंद्र ने शवों की पहचान की। रेलवे पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम करवाने के बाद मायके वालों को सौंप दिया। परिजनों ने रेलवे पुलिस को बताया कि बेटी का पति शराब का आदी है, जिसके चलते ही मीनू परेशान रहती थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
चौथी व पहली कक्षा में पढ़ते थे दोनों मासूम
मीनू के दोनों बच्चे जटवाड़ा स्थित निजी स्कूल में पढ़ते थे। वंशिका चौथी कक्षा में थी तो शौर्य पहली कक्षा में। दोनों ही बच्चे पढ़ाई में काफी होशियार थे। ग्रामीणों ने बताया कि मीनू बच्चों का खास ध्यान रखती थी। जिसके चलते वह शिक्षा में सदैव बेहतर प्रदर्शन करते थे।
जटवाड़ा फाटक के पास एक महिला व उसके दो बच्चों के शव रेलवे ट्रैक के बीच मिले हैं। उन्होंने आत्महत्या की है। महिला के मायके वालों का कहना है कि उनकी बेटी पति के शराब पीने की आदत से परेशान रहती थी। हालांकि अभी उन्होंने बयान दर्ज कराने से मना कर दिया है। उनके बयान के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-राजकुमार, राजकीय रेलवे थाना प्रभारी।