सोनीपत के गांव बली कुतुबपुर के पास खेत में एक व्यक्ति की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। सुबह किसान खेत में पहुंचा ते शव पड़ा देख पुलिस को अवगत कराया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक के पास से कोई कागजात नहीं मिला है। जिससे उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस पहचान का प्रयास कर रही है।
गांव बली कुतुबपुर निवासी किसान रमेश गुरुवार सुबह अपने खेत में पशु चारा लेने गया था। जब वह खेत के पास पहुंचा तो उसे वहां एक व्यक्ति लहूलुहान हालत में मिला। उसने देखा कि व्यक्ति के शरीर पर धारदार हथियार के कई निशान थे। साथ ही शव के पास ही चाकू पड़ा था जिस पर खून लगा था। उसने मामले से गन्नौर थाना की खुबडू चौकी पुलिस को अवगत कराया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव की पहचान का प्रयास शुरू कर दिया है। शव की पहचान के लिए आसपास के लोगों को बुलाया गया है। पुलिस का कहना है कि शव को सामान्य अस्पताल में भिजवाया जाएगा।