हरियाणा के सोनीपत में राई क्षेत्र की एक संस्था से चार किशोरियां देर रात दीवार फांदकर बाहर चली गईं। किशोरियां लोहे की खिड़की से निकलने के बाद एक कोने से सीढ़ी की मदद से करीब 11 फुट की दीवार फांदकर बाहर गईं। तड़के उनकी हाउस मदर को मामले का पता लगा तो संस्था के अधिकारियों को अवगत कराया। इस पर पुलिस को भी सूचना दी गई।
बाद में चारों किशोरियां पानीपत में मिलीं। उनके बयान चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के सामने दर्ज करा दिए गए हैं। मामले की जांच की जा रही है। संस्था के अधिकारी का कहना है कि किसी बाहरी व्यक्ति की मदद से चारों बाहर निकल सकीं। बाद में चारों को पानीपत से बरामद कर लिया गया। उनसे पूछताछ की गई है।
राई क्षेत्र स्थित एक संस्था में रह रहीं 15 से साढ़े 17 साल की चार किशोरियां रात को अचानक लापता हो गईं। सोमवार तड़के उनके हाउस मदर जागीं तो चोरों किशोरियों को न देखकर अधिकारी को अवगत कराया। इनमें एक किशोरी गर्भवती बताई गई है। इस पर मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।
जांच में पता लगा कि चोरों कमरे की लोहे की खिड़की से बाहर निकली हैं। उसके बाद संस्था के एक कोने से करीब 11 फुट की दीवार फांदकर बाहर गई हैं। दीवार पर ऊपर कटीले तार भी लगे हैं। वहां एक सीढ़ी लगी मिली है। बताया जा रहा है कि उसकी मदद से वह बाहर निकलीं। किशोरियां जहां से बाहर गईं, वहां सीसीटीवी की रेंज नहीं है। बताया जा रहा है कि वह जानबूझकर वहां से बाहर निकलीं।
सोमवार सुबह करीब नौ बजे संस्था में पानीपत के सामाजिक व्यक्ति ने फोन कर चोरों किशोरियों के पानीपत में होने की जानकारी दी। इसके बाद वह चारों को लेकर संस्था में आ गए। चारों किशोरियों के चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के सामने बयान कराए गए हैं।
संस्था की अधिकारी का कहना है कि सुरक्षा के सभी प्रबंध पूरे हैं। किशोरियां किसी बाहरी व्यक्ति की मदद से यहां से निकल सकीं। उनसे जानकारी ली जा रही है। वहीं पुलिस को अवगत कराया गया है। पुलिस पता लगाएगी कि वह किसकी मदद से बाहर गईं।
दीवार पर लगे कंटीले तार हटाकर केबल की डोरी को पकड़कर निकलीं बाहर
जांच में पता लगा कि किशोरियां करीब 11 फुट की दीवार से कूदकर बाहर गई हैं। अंदर की तरफ से सीढ़ी लगाकर वह दीवार पर चढ़ीं। उसके बाद दीवार के कंटीले तार हटाकर वहां लगी केबल की डोरी के सहारे बाहर कूदी हैं। बताया जा रहा है कि दीवार पर लगी सीढ़ी भी बाहर से अंदर पहुंचाई गई है।
एक माह के अंदर ही आई हैं चारों किशोरियां
दीवार फांदकर बाहर जाने वाली किशोरियां एक माह के अंतराल में संस्था में आई हैं। इनमें दो तो दो-तीन दिन पहले ही संस्था में आई हैं। दो अन्य भी एक माह के अंदर ही पहुंची हैं। बताया जा रहा है कि बाहर जाने वाली किशोरियों को पुलिस ने बरामद किया था। उन्होंने परिजनों के साथ जाने से मना किया तो उन्हें संस्था में भेजा गया था।
संस्था से पहले भी दीवार फांदकर फरार हो गई थीं किशोरी-युवतियां
संस्था से जनवरी, 2018 में भी एक किशोरी व दो युवतियां दीवार फांदकर फरार हो गई थीं। उस समय तीनों दीवार फांदकर बाहर गई थीं। इनमें एक युवती को चोट लग गई थी। उसे वहां से बरामद कर लिया था। बाद में उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए थे। वह वहां से चकमा देकर फरार हो गई थी। बाद में उन्हें बरामद किया गया था।
संस्था से चार किशोरियों के दीवार फांदकर बाहर जाने का पता लगा था। बाद में पता लगा कि किशोरी पानीपत से बरामद हो गई हैं। इस संबंध में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। - इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार, थाना प्रभारी, राई