हरियाणा के राई क्षेत्र के गांव गढ़ मिरकपुर में जमीन को लेकर चल रही रंजिश में किसान को घर से बुलाकर बुरी तरह पीटने के बाद उनकी गला रेतकर हत्या कर दी गई। किसान को घर से बुलाकर ले जाने के बाद वारदात को अंजाम दिया गया। किसान का शव गांव के बाहर खेत में पड़ा मिला। पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयान पर गांव के ही दो सगे भाइयों समेत चार के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है।
गांव गढ़ मिरकपुर की रहने वाली अनीता ने बहालगढ़ थाना पुलिस को बताया कि उनके परिवार का जमीन के लिए गांव के ही संजय व उसके भाई मनोज के साथ विवाद चल रहा है। इसका कोर्ट में भी केस चल रहा है। इसी रंजिश में संजय व मनोज के साथ ही गांव का रामप्रकाश उर्फ बिंटू व कपिल कई बार उसके पति राजेंद्र (40) की पिटाई कर चुके हैं। वह लगातार उसके पति राजेंद्र को जान से मारने की धमकी दे रहे थे। शुक्रवार देर रात 10 बजे उनके पति घर पर थे। इसी दौरान रामप्रकाश उर्फ बिंटू उनके पति को घर से बुलाकर ले गया।
रातभर उनका पति घर नहीं लौटा। उसे लगा कि वह खेत में चला गया होगा। शनिवार को उसे सूचना मिली कि उनके पति का शव गांव के कृष्ण के खेत में पड़ा है। जब परिजन खेत में गए तो उनकी गर्दन रेत रखी थी। उनके पति के पैरों के साथ ही शरीर के अन्य अंगों पर भी चोट के निशान थे। पैरों पर बुरी तरह हमला किया गया था। उन्होंने इसकी सूचना डायल 112 को दी।
इसके बाद बहालगढ़ थाना पुलिस को अवगत कराया गया। सूचना के बाद थाना प्रभारी इंस्पेक्टर ऋषिकांत टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस ने अनीता के बयान पर रामप्रकाश उर्फ बिंटू, संजय व उसके भाई मनोज और गांव के कपिल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है।
सात साल से चल रहा जमीन का विवाद
मृतक राजेंद्र के भाई आनंद ने बताया कि उनका करीब सात साल से जमीन का विवाद चल रहा है। इसे लेकर कोर्ट में भी केस चल रहा है। इसमें अब 8 मार्च को कोर्ट में तारीख है। जमीन को लेकर दोनों पक्ष अपना हक जता रहे हैं, जिसे लेकर ही कई बार विवाद हो चुका है। आरोपी उसके भाई पर कई बार हमला कर चुके थे। उसके भाई सुंदरपाल ने कई बार आरोपियों से राजेंद्र को छुड़वाया था।
रामप्रकाश तत्कालीन सरपंच की हत्या में रहा है नामजद
मामले में हत्या का आरोपी रामप्रकाश उर्फ बिंटू पहले भी हत्या के मामले में नामजद रह चुका है। आरोपी पर साथियों के साथ मिलकर मई, 2015 में सरपंच हरिप्रकाश की गोली मारकर हत्या करने का आरोप था। उसे स्थानीय कोर्ट दोषी करार दे चुकी है। बाद में उसे उच्च न्यायालय से जमानत मिल गई थी।
मृतक के पास एक बेटा व एक बेटी
भाई आनंद ने बताया कि उसके भाई राजेंद्र के पास दो बच्चे हैं। इनमें उसकी बड़ी बेटी तन्नू (19) और उससे छोटा बेटा अनुज (17) है।
आरोपियों की तलाश के लिए दो टीमें गठित
हत्या के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने दो टीमों का गठन किया है। इसमें एक टीम बहालगढ़ थाने तो दूसरी सीआईए-2 की है। टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
गांव गढ़ मिरकपुर में जमीन को लेकर चल रहे विवाद में किसान की हत्या की गई है। पत्नी अनीता के बयान पर चार आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। एक हत्यारोपी रामप्रकाश उर्फ बिंटू पूर्व सरपंच हरिप्रकाश की हत्या में जमानत पर है। - इंस्पेक्टर ऋषिकांत, थाना प्रभारी, बहालगढ़