हरियाणा के सोनीपत जिले के गोहाना में गांव न्यात में एक किसान ने अपने खेत में जाकर जामुन के पेड़ पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। आरोप है कि किसान आढ़तियों की तरफ से रुपये देने का दबाव बनाने से परेशान था। किसान के पास से सुसाइड नोट मिला है।
गांव न्यात निवासी सतपाल ने पुलिस को बताया कि उसका भाई दिलबाग सिंह किसान था। उसकी दो बेटियां व एक बेटा है। दिलबाग रविवार को घर खाना खाकर खेत में धान की पौध में सिंचाई करने के लिए गया था। वह उसके बाद नहीं लौटा। सतपाल सोमवार को खेत की तरफ जा रहा था। रास्ते में उसे एक किसान के खेत में कमरे के निकट जामुन के पेड़ पर एक व्यक्ति फंदे पर लटका दिखाई दिया।
सतपाल ने पास जाकर देखा तो उसका भाई दिलबाग पेड़ पर परने से लटका हुआ था। सतपाल ने परिजनों को मौके पर बुलाया और दिलबाग को पेड़ से उतारा। उसके कुर्ते की ऊपर वाली जेब में कागज मिला। उस पर लिखा था कि मैं दिलबाग आढ़ती कुलदीप और राजबीर के पैसों के दबाव में आत्महत्या कर रहा हूं।
परिजन दिलबाग को अस्पताल लेकर गए तो वहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सदर थाना गोहाना की पुलिस ने शव का सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। सतपाल ने आरोप लगाया कि उसके भाई ने आढ़ती कुलदीप और राजबीर द्वारा रुपये मांगने के दबाव के चलते आत्महत्या की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।