फरीदाबाद के बल्लभगढ़ स्थित आर्य नगर में ट्रांसपोर्टर के घर पर खड़े ट्रक का पानीपत में चालान कटा तो उसने फर्जी नंबर प्लेट लगाए ट्रक चालक व क्लीनर को सोनीपत में कुंडली केएमपी टोल पर पकड़ लिया। आरोपियों के पकड़े जाने के बाद पता लगा कि ट्रक को यूपी के मेरठ से चोरी करने के बाद उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर हरियाणा में चलाया जा रहा था। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है। मामले में अन्य की संलिप्तता का पता लगाने के साथ ही नंबर प्लेट बनाने व गाड़ियों के नंबर उपलब्ध कराने वालों की जानकारी भी जुटाई जाएगी।
बल्लभगढ़ के आर्य नगर निवासी पंकज ने कुंडली थाना पुलिस को बताया कि उनके पिता राजबीर सिंह पंकज गुड्स कैरियर के नाम से ट्रांसपोर्ट कंपनी चलाते हैं। उनके पास करीब डेढ़ दर्जन गाड़ियां हैं। 8 अक्तूबर को उनका ट्रक घर के अंदर खड़ा था। इसी बीच उनके पिता के मोबाइल पर उनके ट्रक का पानीपत में चालान कटने का मैसेज आया। जिस पर उन्होंने उसे अवगत कराया।
पंकज का कहना है कि वह अपने दोस्त मोनू को लेकर इसका पता लगाने के लिए पानीपत की तरफ चल दिया। जब वह कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) टोल के पास पहुंचे तो उनके ट्रक की नंबर प्लेट लगाए एक अन्य ट्रक आता दिखाई दिया। उन्होंने उसे रुकवा लिया और पुलिस को अवगत कराया। कुंडली की बारोटा चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक चालक व क्लीनर को हिरासत में ले लिया।
उनकी पहचान पलवल के गांव रुपड़ा निवासी हबीब और राजस्थान के भरतपुर स्थित गांव सोनपा के शोएब के रूप में हुई। पुलिस ने जांच की तो पता लगा कि वह चोरी के ट्रक पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उससे माल की ढुलाई कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ चोरी का माल रखने व धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां उन्हें तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है।
यह भी पढ़ें : Haryana: डेरामुखी ने मांगी 40 दिन की पैरोल, जेल मंत्री बोले- अब प्रशासन करेगा फैसला
मेरठ से एक माह पहले चोरी किया था पंजाब के ट्रांसपोर्टर ट्रक
गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया कि ट्रक को उन्होंने 10 सितंबर को मेरठ के इंचौली थाना क्षेत्र से चोरी किया था। उसके बाद वह उसे लेकर आ गए। यहां पर उन्होंने उसकी नंबर प्लेट को बदल दिया और माल ढुलाई शुरू कर दी। पुलिस जांच में पता चला कि ट्रक पंजाब के लुधियाना के रहने वाले ट्रांसपोर्टर का है। उन्होंने मामले को लेकर इंचौली थाना में शिकायत दर्ज करा रखी है।
चार-पांच दिन में बदल लेते थे फर्जी नंबर प्लेट
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वह चोरी के ट्रक पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चलते हैं। वह चार-पांच दिन ट्रक चलाने के बाद उसकी नंबर प्लेट बदल देते हैं। उसके बाद फिर से कोई दूसरी फर्जी नंबर प्लेट लगा लेते थे। जिससे उनके जल्द पकड़े जाने की संभावना कम थी। उन्होंने बताया कि ट्रक का फर्जी रजिस्ट्रेशन भी करा लेते थे। उनकी कई आरटीओ कार्यालय में काम करने वाले लोगों से पहचान है। वह उनसे संपर्क कर किसी अन्य के ट्रक का नंबर पता करते और फर्जी नंबर प्लेट बनवाकर उसे इस्तेमाल करते थे।
ट्रक पर फर्जी नंबर प्लेट लगा घूम रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि ट्रक को यूपी के मेरठ से चोरी किया गया था। आरोपियों को तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है। मामले में आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जा रही है।
-इंस्पेक्टर बिजेंद्र कुमार, थाना प्रभारी, कुंडली