हरियाणा के सोनीपत जिले के गांव राणाखेड़ी में बने एक मुर्गी फार्म पर उद्घोषित अपराधी को गिरफ्तार करने आई दिल्ली पुलिस की टीम पर हमला कर दिया। आरोप है कि वहां दो नामजद लोगों ने लेबर के साथ मिलकर टीम से मारपीट की और धारदार हथियार से हमला किया। यही नहीं गाड़ी का शीशा भी तोड़ दिया और उनके मोबाइल भी छीन लिए गए। इस पर दिल्ली पुलिस के एसआई ने बरोदा थाने में शिकायत दी। पुलिस ने दो नामजद व अन्य पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
दिल्ली पुलिस के पीएस स्पेशल स्टाफ के एसआई प्रीतम ने बताया कि वेस्ट दिल्ली की अदालत ने 2 जुलाई, 2021 को सुनील मिश्रा उर्फ अनिकेत को उद्घोषित अपराधी घोषित किया था। उनकी टीम को सूचना मिली थी कि सुनील मिश्रा उर्फ अनिकेत बरोदा थाना क्षेत्र के गांव राणाखेड़ी में अग्रवाल मुर्गी फार्म पर टीकाराम के पास रह रहा है।
इस पर 24-25 जनवरी की रात को अपनी टीम के साथ पोल्ट्री फार्म पर पहुंचे। वहां उन्हें एक व्यक्ति मिला, जिसने अपना नाम टीकाराम बताया। इस पर उन्होंने टीकाराम को सुनील मिश्रा उर्फ अनिकेत के बारे में पूछा तो उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। इसके बाद बिना उनकी बात सुने अपने पास रह रही लेबर को बुला लिया।
इसके अलावा कुछ लोगों को फोन करके बुला लिया और उनसे मारपीट करने लगे। आरोप है कि सभी ने उन पर लाठी-डंडों व धारदार हथियार से हमला किया। इनमें से एक का नाम कप्तान था। उसने ट्रैक्टर से उनकी कार को टक्कर भी मारनी चाही और उन पर चढ़ाने का प्रयास किया।
उन्होंने वहां से भागकर जान बचाई। बाद में वह मौके पर पहुंचे तो गाड़ी का शीशा टूटा मिला और स्थानीय पुलिस ने आकर उनको वहां से निकाला। यह भी आरोप है कि आरोपियों ने उनके मोबाइल भी छीन लिए हैं। इसको लेकर एसआई प्रीतम ने सफीदों क्षेत्र की सरफाबाद पुलिस को भी शिकायत दी थी, जिसे वहां की टीम ने बरोदा थाने में भेज दिया।
दिल्ली पुलिस के अधिकारी ने उनकी टीम से मारपीट करने, फोन छीनने व गाड़ी का शीशा तोड़ने की शिकायत दी है। यह टीम एक उद्घोषित अपराधी को पकड़ने के लिए आई थी। इस पर पुलिस ने दो नामजद व अन्य पर मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। - नीरज कुमार, बरोदा थाना प्रभारी