हरियाणा के सोनीपत जिले के गांव मुकीनपुर में पिता ने अपने दोस्त से ही शादी करने से नाराज बेटी की चुनरी से गला दबाकर हत्या कर दी और शव मेरठ के पास गंगनहर में फेंक दिया। आरोपी पिता ने पुलिस के सामने वारदात करने की बात कुबूली है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर पांच दिन के रिमांड पर लिया है। वारदात के दिन कुछ गलत होने का अंदेशा जता पति को भेजे युवती के वीडियो से मामले का खुलासा हुआ। वीडियो में युवती ने पिता समेत चार अन्य पर शक जताया था।
गांव मुकीनपुर निवासी वेदप्रकाश ने 20 जुलाई को पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने 24 नवंबर 2020 को गांव की 18 वर्षीय युवती से मेरठ के आर्य समाज मंदिर में विवाह किया था। बाद में शादी को कोर्ट में रजिस्टर्ड भी कराया था। शादी के दो दिन बाद 26 नवंबर 2020 को युवती अपने घर आ गई थी। 3 जून 2021 को फिर से अपने पति के पास आ गई। 6 जुलाई को युवती के पिता विजयपाल ने अपना जन्मदिन मनाने के लिए उसे बुलाया।
वेदप्रकाश ने अपनी पत्नी को राई थाना के पास पिता की गाड़ी में बैठाया था। उसके बाद से युवती का कुछ पता नहीं था। पुलिस ने केस दर्ज कर विजयपाल को गिरफ्तार किया तो उसने वारदात की बात कुबूली। विजयपाल ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी बुआ के पौत्र गांव रिठाल निवासी वीरेंद्र के साथ कार में ही चुनरी से गला घोंटकर युवती की हत्या कर दी थी। उसने अपनी बेटी को वेदप्रकाश से दूर रहने के लिए कहा था लेकिन वह नहीं मानी तो गांव खेड़ी दमकन के पास उसकी हत्या कर दी और शव गंगनहर में फेंक दिया था। पुलिस दूसरे आरोपी की तलाश कर रही है।
वेदप्रकाश ने पत्नी के पिता विजयपाल और अन्य रिश्तेदारों पर उसका अपहरण और हत्या करने का शक जताया था। मुकदमा दर्ज कर आरोपी विजयपाल को गिरफ्तार किया। विजयपाल ने हत्या और शव खुर्द-बुर्द करने की बात कुबूली है। आरोपी को रिमांड पर लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है। - बिजेंद्र सिंह, थाना प्रभारी, राई