भाजपा नेता के बेटे से गन प्वाइंट पर दिनदहाड़े कार लूटी
कुमासपुर में नेशनल हाइवे स्थित पेट्रोल पंप पर दिया घटना को अंजाम
कार में आए थे दो बदमाश, कार लूटकर दोनों अलग-अलग भागे
पुलिस ने मौके पर जाकर की छानबीन, मुकदमा दर्ज किया गया
अमर उजाला ब्यूरो
राई। भाजपा नेता के बेटे से मंगलवार को दिनदहाड़े बदमाशों ने गन प्वाइंट पर कार लूट ली। कुमासपुर में नेशनल हाइवे के किनारे स्थित पेट्रोल पंप पर इस घटना को अंजाम दिया गया। वहां दो बदमाश एक कार में सवार होकर आए थे और कार लूटने के बाद अलग-अलग कार में भाग गए। इसकी सूचना तुरंत ही मुरथल थाना पुलिस को दी गई तो पुलिस ने पहुंचकर छानबीन की। पुलिस को कार में रखा मोबाइल कुछ दूर ही पड़ा मिला। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज करके बदमाशों की छानबीन शुरू कर दी है।
कुमासपुर में नेशनल हाइवे के किनारे भाजपा नेता मोहनलाल बड़ौली का पेट्रोल पंप है। वहां मंगलवार दोपहर को लगभग तीन बजे मोहनलाल बड़ौली की गाड़ी का चालक उसको साफ कर रहा था। उसी समय एक कार में सवार होकर दो बदमाश पहुंचे, जिन्होंने चालक उस गाड़ी की चाबी मांगी। उसी समय पेट्रोल पंप पर अंदर बैठा मोहनलाल बड़ौली का बेटा विरेन्द्र कौशिक वहां से जाने के लिए अपनी आई-20 कार लेकर निकल रहा था। उसने अपने पिता की गाड़ी के चालक संग बदमाशों की खींचतान होती देखकर पूछा कि वह उससे गाड़ी की चाबी क्यों मांग रहे है। इसपर उनमें से एक बदमाश ने पिस्टल निकालकर विरेंद्र को लगा दी और उनकी कार की चाबी मांगने लगा। विरेंद्र ने पिस्टल लगा देखकर कार की चाबी दे दी तो दोनों बदमाश अलग-अलग कार लेकर फरार हो गए। उनको काफी दूर तक तलाश भी किया गया, लेकिन वह नहीं मिल सके। इस मामले में तुरंत ही मुरथल थाना पुलिस को सूचना दी गई तो एसएचओ राकेश कुमार समेत सीआईए की टीम भी छानबीन करने के लिए वहां पहुंची। पुलिस ने तुरंत ही कार में रखे मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की, लेकिन उसे बदमाशों ने कुछ दूर चलते ही सड़क किनारे फेंक दिया था जो वहां पड़ा मिला। पुलिस ने शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।