पत्नी के अवैध संबंध पता चलने पर रोका, नहीं मानने पर सुसाइड नोट लिखकर जान दी
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत।
शहर के ओम नगर में रहने वाले युवक ने पत्नी के अवैध संबंधों से तंग आकर घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इससे पहले युवक ने सुसाइड नोट भी लिखा है। पुलिस ने सुसाइड नोट को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने युवक की मां के बयान पर उसकी पत्नी, प्रेमी, ताऊ ससुर व एक अन्य के खिलाफ आत्महत्या के लिए विवश करने का मामला दर्ज कर लिया है। युवक की सवा साल पहले शादी हुई थी और उसका तीन माह का बच्चा भी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
ओम नगर गली नंबर-1 निवासी अनिल ने वीरवार देर शाम अपने घर में जाल में रस्सी डाल फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के समय उसकी मां सत्यवंती पार्क में टहलने गई थी और पत्नी मायके गई हुई है। सत्यवंती जब घर पहुंची तो रोशनी के लिए आंगन में लगाए गए जाल पर बेटे का शव लटका मिला। सत्यवंती ने पुलिस को बताया कि उसके बेटे अनिल (26) की शादी सवा साल पहले सलीमसर माजरा निवासी ज्योति के साथ हुई थी। शादी के बाद ज्योति को तीन माह का एक बेटा है। महिला ने बताया कि शादी के बाद उन्हें ज्योति के अवैध संबंधों के बारे में जानकारी मिली थी। लोकलाज के चलते वह चुप रहे। उन्होंने कई बार ज्योति को समझाया, लेकिन ज्योति नहीं मानी। उसका प्रेमी गांव सलीमसर माजरा निवासी अमित उन्हें कई बार गली में आते-जाते दिखाई दिया। ज्योति को समझाने के बाद भी उसने अपने प्रेमी से बातचीत करना व मिलना नहीं छोड़ा। मामले की जानकारी ज्योति के ताऊ सतपाल को दी गई। जिस पर ज्योति के ताऊ ने अपनी बेटी का पक्ष लेते हुए कहा था कि वह उन पर ही मुकदमा दर्ज करवा देंगे। पत्नी के अवैध संबंध के चलते ही उसके बेटे ने आत्महत्या कर ली। महिला ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और एफएसएल की टीम भी बुलवाई गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने सत्यवंती के बयान पर ज्योति, उसके प्रेमी अमित, ताऊ सतपाल व एक अन्य के खिलाफ आत्महत्या के लिए विवश करने का मामला दर्ज कर लिया है।
--
अनिल ने सुसाइड नोट में यह लिखा
पुलिस ने सुसाइड नोट बरामद किया है, जिसको अनिल ने एक किताब के आखिरी पेज पर लिखा है। जिसमें लिखा मिला है कि मेरी मौत का कारण मेरी पत्नी ज्योति है। उसके नाजायज संबंध होने के कारण मैं सहन नहीं कर पाया। उसी के गांव का अमित नाम का लड़का है। वह मेरे घर धमकी दिलवाती थी और उसकी मां उसी का साथ दे रही है। ज्योति की मां व ताऊ साथ में हैं धमकी दिलवाने में। मृतक की मां ने पुलिस को बताया कि बेटे ने उससे कहा था कि उसकी पत्नी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रही तो वह जिंदा कैसे रहे। ---
युवक ने फंदा लगाकर जान दी है। युवक के पास से सुसाइड नोट मिला है। जिसमें पत्नी के अवैध संबंधों के चलते आत्महत्या करने की बात कही है। युवक की मां के बयान पर तीन नामजद सहित चार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
बीर सिंह, चौकी प्रभारी, कोर्ट कॉम्पलेक्स, सोनीपत।