शराबबंदी वाले राज्यों में अवैध शराब की आपूर्ति कर मोटा मुनाफा कमाने की मंशा से सक्रिय शराब माफिया के एक और शातिर नेटवर्क को सोनीपत सीआईए-1 व आबकारी विभाग की टीम ने ध्वस्त कर दिया। पंजाब से बिहार की तरफ जा रहे ट्रक में चावल के कट्टों के नीचे छिपाकर अवैध रूप से ले जाई जा रही 1090 पेटी शराब मुरथल में बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक गांव खेवड़ा निवासी दीपक को गिरफ्तार किया है।
सीआईए-1 प्रभारी बीर सिंह ने बताया कि उनकी टीम में नियुक्त एएसआई विजेयश्वर अपनी टीम के साथ गोहाना रोड बाइपास पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि पंजाब से वाया पानीपत होते हुए एक ट्रक दिल्ली की तरफ जाएगा। उसमें अवैध रूप से शराब भरी हुई है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने भिगान टोल के पास दिल्ली की तरफ नाकाबंदी कर दी। मामले की जानकारी आबकारी विभाग को भी दी गई। पानीपत की तरफ से आए ट्रक को रोककर जांच की गई। चालक गांव खेवड़ा निवासी दीपक उर्फ दीपू से पूछताछ तो उसने कहा कि ट्रक में चावल लोड है। वह चावल को मध्य प्रदेश के सतना लेकर जा रहे हैं। उसने चावल की बिल्टी दिखाई, जिसमें 23,450 किलोग्राम चावल के 938 बैग दर्शाए गए थे।
पुलिस को संदेह होने पर ट्रक का तिरपाल हटाकर जांच की गई तो पीछे की ओर चावल के कट्टे लगे मिले, जबकि आगे की ओर शराब की पेटियां छिपाकर रखी गई थीं। चालक से शराब से संबंधित लाइसेंस, बिल और बिल्टी मांगी गई, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। आबकारी निरीक्षक की मौजूदगी में शराब की पेटियों की जांच की गई, जिसमें रॉयल स्टैग और इम्पीरियल ब्लू ब्रांड की 1090 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इसमें बोतल, अध्धा और पाव तीनों प्रकार की शराब थी।
सिसाना के नान्हा था ट्रक
पूछताछ में चालक ने बताया कि ट्रक गांव सिसाना निवासी नान्हा का है और उन्हें कहा गया था कि अगर कोई पूछे तो केवल चावल होने की बात बताए। इस संबंध में थाना मुरथल में आबकारी अधिनियम व धोखाधड़ी की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
बिहार ले जाई जा रही शराब
पुलिस जांच में पता लगा है कि शराब को बिहार में लेकर जाना था। शराब पर सेल फॉर पंजाब लिखा था। शराबबंदी वाले बिहार में इसकी कीमत कई गुना अधिक होने के कारण तस्करों ने इसे वहां सप्लाई करने का षड्यंत्र रचा था। इसी लालच में चावल की आड़ लेकर शराब की तस्करी का यह तरीका अपनाया गया।
पंजाब के साहिबजादा अजीत सिंह नगर से लोड हुई थी शराब
आबकारी विभाग के इंस्पेक्टर ललित कुमार ने बताया कि जानकारी मिली थी कि पंजाब के मोहाली स्थित साहिबजादा अजीत सिंह नगर से ट्रक में शराब अवैध रूप से लेकर बिहार की ओर रवाना हुई है। जिसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए ट्रक को दबोच लिया। जांच के दायरे को शराब माफिया के पूरे नेटवर्क और आर्थिक लेनदेन की भी पड़ताल की जाएगी।