सोनीपत। कोरोना के ओमिक्रॉन वैरिएंट से प्रभावित 12 देशों से जिले में अब तक 68 लोग पहुंच चुके हैं। जिनको स्वास्थ्य विभाग की ओर से होम क्वारंटीन किया गया है। इनमें से 28 लोगों की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है। उसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग की ओर से सभी को घर से बाहर न निकलने और परिवार के सदस्यों से दूरी बनाए रखने की हिदायत दी गई है। कोरोना नियंत्रण के लिए विदेश से सोनीपत आने वाले यात्रियों की स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं। विदेश से रविवार को 40 लोग सोनीपत पहुंचे हैं। वहीं सोनीपत में 15 दिन में अब तक 26 देशों से 158 लोग पहुंच चुके हैं जिन्हें विभाग की ओर से सर्विलांस पर रखा गया है। कोरोना से बचाव के लिए उन लोगों को सभी एहतियात बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
साउथ अफ्रीका, नीदरलैंड समेत कई देशों में कोरोना का ओमिक्रॉन वैरिएंट मिल चुका है। भारत के कई प्रदेशों में भी इससे प्रभावित मरीज मिले हैं। ऐसे में विदेश से आने वाले लोगों की पहचान करने के लिए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से विदेश से आने वालों की सूची लगातार जारी की जा रही है। ओमिक्रॉन वैरिएंट से प्रभावित 12 देशों से 68 लोग जिले में आ चुके हैं। उनके साथ विभाग की ओर से फोन पर संपर्क करने के बाद 68 लोगों को होम क्वारंटीन कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने लोगों की कोरोना जांच के लिए सैंपल लिए हैैं। साथ ही एक सप्ताह तक परिवार के सदस्यों से दूरी बनाए रखने और घरों से बाहर न निकलने की हिदायत दी गई है। उन लोगों के सैंपलों को कोरोना की जांच के लिए खानपुर कलां स्थित लैब में भेजा गया है। एक सप्ताह के बाद दोबारा से कोरोना की जांच के लिए सैंपल लिए जाएंगे। अगर उन्हें खांसी, जुकाम व बुखार आता है तो तुरंत उपचार मुहैया कराया जाएगा।
ओमिक्रॉन प्रभावित इन देशों से सोनीपत पहुंचे 68 लोग
बांग्लादेश-9, चीन-2, न्यूजीलैंड-2, सिंगापुर-19, यूके-18, जर्मनी-1, नीदरलैंड-10, फ्रांस-1, ताईवान-1, जिम्बाब्वे-3, दक्षिण अफ्रीका-1, इटली-1
जिला अस्पताल में उड़ रही कोरोना नियमों की धज्जियां
जिला नागरिक अस्पताल में रोजाना मरीजों की भीड़ लग रही है। मरीज व उसके तीमारदार कोरोना के नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। मरीजों ने मास्क से दूरी बना ली है। साथ ही वैक्सीन लगवाने के लिए पहुंच रहे लोग कोरोना के नियमों का पालन नहीं कर रहे और न ही सामाजिक दूरी का पालन कर रहे। मरीजों व तीमारदारों की ओर से बरती जा रही लापरवाही भारी पड़ सकती है। जिले में कोरोना के मामले फिर से एक्टिव हो रहे हैं। अगर इस तरह की लापरवाही लगातार बरती गई तो कोरोना संक्रमण के केस दोबारा बढ़ सकते हैं।
-
ओमिक्रॉन वैरिएंट से प्रभावित छह देशों से आए 28 लोगों के सैंपल मिले निगेटिव
पिछले सप्ताह ओमिक्रॉन वैरिएंट से प्रभावित छह देशों से सोनीपत पहुंचे 28 लोगों के सैंपल निगेटिव आए हैं। सैंपल निगेटिव आने के बाद भी सभी लोगों को स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी निगरानी में रखे हुए हैं। लोगों को कोरोना से बचाव के लिए मास्क लगाने व सामाजिक दूरी बनाए रखने की हिदायत दी जा रही है।
वर्जन
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी सूची के आधार पर विदेश से आए 158 लोगों से कॉन्टेक्ट ट्रैसिंग की जा चुकी है। इनमें से 68 लोगों ने बताया कि वह उन देशों से सोनीपत पहुंचे हैं जहां पर ओमिक्रॉन वैरिएंट के केस मिल चुके हैं। उन सभी लोगों को होम क्वारंटीन कर दिया गया है और एक सप्ताह बाद दोबारा से सैंपल लेकर कोरोना जांच की जाएगी।
- डॉ. जयकिशोर, सिविल सर्जन