गोहाना। युवक को नौकरी लगवाने का झांसा देकर छह लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। युवक की मां ने पुलिस आयुक्त को शिकायत देकर मुकदमा दर्ज कराया है। महिला का आरोप है कि बेटे को झांसे में लेकर आरोपी बाप-बेटे ने बैंक खाते में रुपये ट्रांसफर करा लिए थे। अब रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर शहर थाना गोहाना पुलिस ने दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव भदाना निवासी सुनीता ने बताया कि उनका बेटा अमित दिल्ली के मुखर्जी नगर में कोचिंग ले रहा है। दिल्ली में बेटे की पहचान सौरभ नाम के युवक के साथ हो गई थी। वह कपूर वाटिका के पास पीजी चला रहा है। सौरभ ने कहा कि उनके पिता जयपाल के संबंध कई रसूखदारों के साथ हैं और वह नौकरी लगवा सकते हैं। बाप-बेटे ने अमित को झांसे में लिया और 10 मार्च 2022 को में छह लाख रुपये का आरटीजीएस अपने बैंक खाते में करवा लिया। उन्होंने गोहाना के रेलवे रोड स्थित बैंक से आरटीजीएस किया था। इसके बाद जयपाल और सौरभ नए फार्म भरने के फर्जी लिंक भेजते रहे। अमित ने नौकरी नहीं लगवाने पर रुपये वापस मांगे तो कोई न कोई बहाना बनाते रहे। इसके बाद कॉल उठानी बंद कर दी। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने और उनके छह लाख रुपये वापस दिलवाने की मांग की।
सुनीता ने बताया कि वह अपने रिश्तेदार जगदीश राठी और अन्य के साथ जब रुपये वापस लेने के लिए जयपाल के घर गए तो आरोपी ने धमकी दे डाली। उसने कहा कि आगे से रुपये मांगने के लिए घर आने की हिम्मत मत करना। नहीं तो गोलियों से छलनी कर देंगे।
वर्जन
महिला की शिकायत पर दो के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।-इंस्पेक्टर मोहन सिंह, प्रभारी, शहर थाना, गोहाना।