फोटो 30: सीआईए-1 की गिरफ्त में सर्विस रिवाल्वर लूटने के आरोपी।
- फोटो : Sonipat
हरियाणा पुलिस के सिपाही एवं पानीपत सीजेएम के गनमैन पर हमला कर लूटपाट करने के मामले में सीआईए-1 टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी गांव बेगा निवासी संजू उर्फ सूरज, पीरगढ़ी निवासी संजीव व गन्नौर निवासी सोनू उर्फ टीटा है। पुलिस ने आरोपियों के पास से अवैध हथियार भी बरामद किए हैं।
डीएसपी जोगेंद्र राठी ने पत्रकारों को बताया कि 14 अक्तूबर, 2021 को पानीपत सीजेएम के गनमैन लाला गढ़ी निवासी प्रवीन कुमार ने शिकायत दी थी कि सीजेएम को चंडीगढ़ छोड़ने के बाद बस में सवार होकर देर रात गन्नौर अड्डे पर पहुंचा था। वहां से ऑटो में सवार होकर प्रवीन कुमार गढ़ी केसरी मोड़ पर उतर गया और वह पैदल ही अपने गांव लाला गढ़ी जा रहा था। जब वह लालागढ़ी-गढ़ी केसरी रोड पर पहुंचा तो सामने से तीन युवक बाइक पर उसके पास आए थे। उन्होंने उस पर चाकू से हमला किया और उसकी सर्विस रिवॉल्वर, 10 कारतूस, बैग, पर्स जिसमें करीब 2300 रुपये नकद, एटीएम, आधार कार्ड, आईकार्ड व अन्य जरूरी कागजात थे, लूटकर फरार हो गए थे। पुलिस ने प्रवीन कुमार के बयान पर बाइक सवार तीनों युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था।
सीआईए-1 स्टाफ में नियुक्त एएसआई अनिल कुमार, एचसी जयभगवान, राजेश, सोमबीर व अनिल ने आरोपी संजू उर्फ सूरज, संजीव व सोनू उर्फ टीटा को संदिग्ध अवस्था में घूमते हुए पकड़ लिया। तलाशी लेने पर दो अवैध देसी पिस्तौल व चार कारतूस मिले। पूछताछ करने पर में उन्होंने कुबूल किया कि उन्होंने ही पुलिसकर्मी से लूटपाट की थी। वह पहले भी लूट, हत्या प्रयास, अवैध हथियार की वारदात में संलिप्त रहे हैं। आरोपियों को रविवार को अदालत में पेशकर रिमांड पर लिया जाएगा।