गांव बैंयापुर खुर्द स्थित राजीव नगर के रहने वाले टैक्सी चालक का परिचित बनकर उसे झांसे में लेकर 1 लाख 38 हजार 989 रुपये ठगने का मामला सामने आया है। आरोपी ने मोबाइल पर संपर्क कर खुद को जानकार बताया था। टैक्सी चालक के पास लिंक भेजकर खाते से नकदी गायब कर दी गई। सदर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव बैंयापुर स्थित राजीव नगर के रहने वाले रमेश ने पुलिस को बताया कि वह टैक्सी चलाता है। बुधवार को उसके फोन पर एक अंजान नंबर से कॉल आई। युवक ने खुद की पहचान संदीप के रूप में दी। उसने बताया कि वह उसका जानकार है। वह किसी जरूरी काम में फंसा हुआ है। उसे रुपये की जरूरत है। ऐसे में वह उसके खाते में रुपये मंगवा रहा है और बाद में निकाल कर दे देना। रमेश उसके झांसे में आया गया। आरोपी ने उसके खाते में एक रुपया भेजा। बाद में एक लिंक भेज उस पर क्लिक करने को कहा। इसके बाद खाते से 35 हजार, दूसरी बार में 24999, तीसरी बार में 35 हजार, चौथी बार में 4 हजार व बाद में 39990 रुपये करके 1 लाख 38 हजार 989 रुपये खाते से निकाल लिए। उसने मामले से पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने जांच के बाद धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वर्जन
टैक्सी चालक को झांसे में लेकर खाते से नकदी निकालने का मामला सामने आया है। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच कर जल्द ठगों का पता लगाकर गिरफ्तार किया जाएगा।
- दिलबाग सिंह, सदर थाना प्रभारी