सोनीपत। 24 अनाज मंडियों और खरीद केंद्रों में एक अप्रैल से गेहूं की सरकारी खरीद शुरू होगी। इसके लिए महज एक सप्ताह का समय बचा हुआ है, लेकिन मार्केटिंग बोर्ड की ओर से मंडियों में कोई तैयारी नहीं की गई है। अगर जल्द तैयारी नहीं हुई तो हर साल की तरह इस साल भी किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। सोनीपत अनाज मंडी में गेहूं डालने के लिए बनाया गया प्लेटफार्म कई जगह से उखड़ा हुआ है। सफाई का कोई प्रबंध नहीं है। सोनीपत मंडी में अभी तक सफाई का टेंडर तक नहीं होने के कारण सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है। जिसका खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ेगा। किसानों को इस बार प्रति क्विंटल 40 रुपये ज्यादा मिलेंगे। गेहूं की खरीद करने के लिए प्रदेश सरकार ने चार एजेंसियों को मंजूरी दी है। ये एजेंसी निश्चित दिन ही मंडी में गेहूं खरीद सकेंगी।
जिले में चार बड़ी मंडियां सोनीपत, गन्नौर, गोहाना और खरखौदा में है। वहीं विभिन्न गांवों में 20 गेहूं खरीद केंद्र बनाए गए हैं। यहां से भी चारों एजेंसियां गेहूं खरीद सकेंगी, जिनमें भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई), हरियाणा स्टेट कोऑपरेटिव सप्लाई एंड मार्केटिंग फेडरेशन लिमिटेड (हैफेड), खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, हरियाणा वेयरहाउस कॉरपोरेशन (एचडब्ल्यूसी) आदि शामिल हैं, जो जिले में गेहूं की खरीद करेगी। इस बार जिले में 1.45 लाख हेक्टेयर जमीन पर गेहूं की खेती की गई है। गेहूं की कटाई का सीजन जल्द शुरू होने वाला है। केंद्र सरकार की ओर से गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2015 रुपये निर्धारित किया गया है। वर्ष 2021 में यह 1975 रुपये प्रति क्विंटल था। (संवाद)
ये रहेगा एजेंसियों का खरीद केंद्र पर शेड्यूल
हैफेड : भैंसवाल, बिचपड़ी, खानपुर कलां, पुरखास, नाहरा व जाखौली खरीद केंद्रों पर रोजाना गेहूं की खरीद करेगी। वहीं गन्नौर में मंगलवार, वीरवार, शनिवार, गोहाना में सोमवार, बुधवार, मुरथल में मंगलवार, वीरवार, शुक्रवार, शनिवार, सोनीपत अनाज मंडी में सोमवार, बुधवार व शुक्रवार को खरीद करेगी।
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग : दातौली, फरमाणा, रूखी, हुल्लाहेड़ी में रोजाना गेहूं की खरीद करेगा। खरखौदा में सोमवार, बुधवार व शुक्रवार और मुरथल मंडी में सोमवार, बुधवार को गेहूं की खरीद करेगा।
एफसीआई : बरोदा, बीसवां मील, कासंडी, कथूरा, सनपेड़ा व सोनीपत साईलो में रोजाना गेहूं की खरीद करेगी। गन्नौर में सोमवार, बुधवार व शुक्रवार, गोहाना में मंगलवार व वीरवार, खरखौदा व सानेपीत मंडी में मंगलवार, वीरवार व शनिवार को गेहूं की खरीद करेगी।
हरियाणा वेयर हाउस कॉरपोरेशन : मुंडलाना व पुगथला खरीद केंद्र पर रोजाना गेहूं की खरीद करेगा और कासंडी में शुक्रवार व शनिवार को खरीदेगा।
(नोट : जो खरीद एजेंसियां मंडियों व केंद्रों में शनिवार को गेहूं की खरीद करेगीं, वहीं एजेंसियां रविवार को गेहूं की खरीद कर सकेंगी।)
बाक्स
सोनीपत अनाज मंडी समेत कई मंडियों में सुविधा का अभाव
सोनीपत अनाज मंडी समेत कई मंडियों में सुविधा का अभाव है। अभी तक कोई खास तैयारी नहीं की गई है। अगर जल्द कोई पहल नहीं हुई तो हर साल की तरह इस साल भी किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। सोनीपत अनाज मंडी में गेहूं डालने के लिए प्लेटफार्म कई जगह से उखड़ा हुआ है। सफाई तक का टेंडर नहीं होने के कारण सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है। मंडी में सरसों की आवक जारी है। अधिकारियों की लापरवाही के कारण किसानों को सरसों की फसल आढ़तियों की दुकानों के सामने उतारनी पड़ रही है। इसी तरह कई अन्य खरीद केंद्रों में सुविधा का अभाव है। इनमें लाइट, पेयजल, सफाई व शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं का होना बेहद जरूरी है। कथूरा खरीद केंद्र परिसर में दूषित पानी भरा हुआ है। पुगथला खरीद केंद्र में सफाई व्यवस्था का अभाव है। पूरे केंद्र में घास उगी हुई है। वहीं मुंडलाना खरीद केंद्र में जगह-जगह निर्माण सामग्री के ढेर लगे हैं और वाहन भी खड़े हैं। प्रशासन की ओर से मंडियों और खरीद केंद्रों की दशा सुधारने की तरफ कोई कदम नहीं उठाया गया है।
वर्जन
सोनीपत अनाज मंडी में सफाई के लिए टेंडर लगाया गया है। टेंडर आवंटित होने के बाद सफाई का कार्य शुरू करा दिया जाएगा। वहीं सड़कों की मरम्मत और अन्य सुविधाओं के लिए एक्सईएन को पत्र लिख दिया है। -जितेंद्र कुमार, सचिव, मार्केट कमेटी सोनीपत।
वर्जन
मंडियों में व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। 31 मार्च तक गेहूं की खरीद शुरू होने से पहले मंडी और खरीद केंद्रों में सफाई करा दी जाएगी। -आशा रानी, सचिव, मार्केट कमेटी गन्नौर।
वर्जन
सरकार की ओर से एक अप्रैल से गेहूं खरीद के आदेश जारी हो चुके हैं। मुख्यालय से मंडियों में व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश मिले हैं। 31 मार्च तक सड़क निर्माण और लाइट की व्यवस्था को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी। मंडियों में आने वाले किसानों को परेशानी नहीं आने दी जाएगी। -आरसी देशवाल, एक्सईएन, मार्केटिंग बोर्ड।
पुगथला खरीद केंद्र में उगी झाडिय़ों के पास चरते पशु। संवाद- फोटो : Sonipat