जीटी रोड स्थित गुप्ति सागर धाम के पास एक तेज रफ्तार ईको वैन चालक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए। उन्हें खानपुर कलां स्थित महिला मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने बाइक चालक को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके साथी का इलाज चल रहा है।
टेहा गांव के रहने वाले भरत कुमार शर्मा व दीपक जैन बड़ी औद्योगिक क्षेत्र स्थित फैक्टरी से ड्यूटी कर बाइक पर सवार हो कर घर लौट रहे थे। जब वे गुप्ति सागर धाम के पास पहुंचे तो सामने से आ रही तेज रफ्तार ईको वैन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। जिससे भरत कुमार शर्मा व दीपक जैन सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए गन्नौर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते चिकित्सकों ने उन्हें खानपुर रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में पहुंचने पर चिकित्सक ने बाइक चालक भरत कुमार शर्मा को मृत घोषित कर दिया। जबकि उसका साथी दीपक जैन उपचाराधीन है। जीटी रोड चौकी पुलिस ने मृतक के भाई नरेंद्र की शिकायत पर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।