हरियाली व खुशहाली का प्रतीक तीज पर्व बुधवार को जिलेभर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। तीज पर्व पर स्कूलों में अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए, जिनमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपनी प्रस्तुति दी। स्कूल संचालकों ने विद्यार्थियों को तीज पर्व के महत्व के बारे में बताया।
साउथ प्वाइंट स्कूल में हर्षोल्लास के साथ मनाई तीज
साउथ प्वाइंट स्कूल में तीज का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। छात्राओं ने झूला झूलते हुए इस पर्व का आनंद लिया। स्कूल के चेयरमैन दिलबाग सिंह खत्री ने बताया कि तीज का त्योहार हरियाली और खुशहाली लेकर आता है। इस दौरान वाइस चेयरमैन रोहित खत्री भी मौजूद रहे।
इंडियन मॉडर्न विद्यालय ने धूमधाम से मनाई हरियाली तीज
इंडियन मॉडर्न विद्यालय में हरियाली तीज महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। प्रधानाचार्य राजेंद्र सिंह गाहल्याण ने विद्यार्थियों को बताया कि इस पर्व पर सावन के महीने में प्रकृति अपने ऊपर हरियाली की चादर चढ़ा लेती हैं। महिलाएं लोक गीत गाती हैं, झूले झूलती हैं, मेहंदी लगाती हैं। बच्चों ने विद्यालय प्रांगण में रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
ब्राइट स्कॉलर स्कूल में मनाया तीज पर्व
ब्राइट स्कॉलर स्कूल में तीज पर्व धूमधाम से मनाया गया। विद्यालय में सामाजिक दूरी, मास्क व अन्य नियमों का पालन करते हुए गतिविधियों का आयोजन किया गया। बच्चों ने सुंदर रंगोली के डिजाइन बनाए व मेहंदी लगाओ प्रतियोगिता में आकर्षक डिजाइन बनाए। विद्यालय में डाले गए झूले पर झूलकर सभी ने तीज त्योहार का आनंद लिया। प्रधानाचार्य डॉ. किरण दलाल ने पर्व की सभी को बधाई दी।
ऋषिकुल विद्यापीठ में हरियाली तीज की धूम
ऋषिकुल विद्यापीठ में हरियाली तीज ऑनलाइन माध्यम से मनाई गई। कक्षा छठी से आठवीं तक सभी विद्यार्थियों ने अनेक गतिविधियों में भाग लिया। विद्यालय चेयरमैन एसके शर्मा ने कहा कि हरियाली तीज हमारी भारतीय संस्कृति की प्रतीक है। निदेशक धीरज शर्मा, प्रधानाचार्य वंदना वत्स ने सभी को बधाई देते हुए उनके जीवन की मंगल कामना की।
हिंदुस्तान स्काउट्स एवं गाइड्स टीम ने मनाया उत्सव
राजकीय प्राथमिक विद्यालय बढ़मलिक के प्रांगण में राज्य सचिव नवीन जयहिंद व कोषाध्यक्ष सतेंद्र कुमार के मार्गदर्शन में हरियाली तीज उत्सव धूमधाम से मनाया गया। मुख्य अतिथि प्राचार्य डॉ. नीलम सांगवान व हिंदी अध्यापिका गीता ने त्रिवेणी लगाकर कार्यक्रम शुरू किया। गाइड कैप्टन नीलम जून ने मेंहदी प्रतियोगिता करवाई। प्रथम, द्वितीय व तृतीय आने वाली महिलाओं को पुरस्कृत किया गया। पंचायत समिति सदस्य व भाजपा मंडल की प्रधान राजेश जांगड़ा ने भी पौधे लगाए। स्काउट व गाइड को नीलम जून की तरफ से 11 किलो घेवर वितरित किया। इस दौरान डीओसी दिलबाग सिंह, ऊषा देवी, चरण कौर, अनीता, रविकौर, शांति देवी, माया, सुनील कौर, सज्जन कौर, आंचल, शांति देवी, शरबती तथा स्काउट व गाइड मौजूद रहे।
टीकाराम कन्या महाविद्यालय में हुई मेहंदी प्रतियोगिता
टीकाराम कन्या महाविद्यालय में हरियाली तीज पर एनएसएस यूनिट-1 शारीरिक शिक्षा विभाग द्वारा मेंहदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। छात्राओं ने अपनी प्राध्यापिकाओं के हाथों पर मेहंदी लगाकर हरियाली तीज का उत्सव मनाया। प्रतियोगिता में छात्रा डिंपल ने प्रथम, हिमांशी ने द्वितीय, नीलिमा छात्रा तनु ने तृतीय पुरस्कार प्राप्त किया। निर्णायक की भूमिका कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सविता, अध्यापिका डॉ. सुमन मान, सुनीता ने निभाई। प्राचार्य डॉ. मोनिका वर्मा ने विजेता छात्राओं को पुरस्कार प्रदान किए।
--
शिव मॉडर्न वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में मनाई तीज
शिव मॉडर्न वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के प्रांगण में हरियाली तीज मनाई गई। ईश वंदना के पश्चात तीज का महत्व बताया गया। कक्षा छठी से आठवीं के विद्यार्थियों ने झूलन सज्जा की तथा रंग बिरंगी पतंगें बनाईं। कक्षा नौवीं से 12वीं के विद्यार्थियों ने डिस्प्ले बोर्ड सजाया। विद्यालय के चेयरमैन अजमेर सिंह, निदेशिका सुनीता, प्रधानाचार्य आर रविंद्रन ने सभी को तीज की शुभकामनाएं दीं।
--
कल्पना चावला विद्यापीठ में तीज की धूम
खरखौदा। कल्पना चावला विद्यापीठ में भी तीज पर्व धूमधाम से मनाया गया। छात्राओं में झूले झूलकर आनंद उठाया। प्राचार्य मीनाक्षी अरोड़ा ने कहा कि हरियाली तीज के दिन भगवान शिव और माता पार्वती की विधान पूर्वक पूजा अर्चना की जाती है। विद्यालय निदेशक धर्मराज खत्री ने छात्राओं को आशीर्वाद दिया।
--
एमडी पैरामेडिकल में हुई मेहंदी, चित्रकला व नृत्य प्रतियोगिता
एमडी पैरामेडिकल संस्थान में हरियाली तीज पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ संस्थान निदेशक प्रदीप कुमार ने किया। कार्यक्रम में मेहंदी, चित्रकला व नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मेहंदी प्रतियोगिता में अनुप्रिया प्रथम, रिशिता द्वितीय, रेनू सिंदर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। चित्रकला प्रतियोगिता में हर्षिता प्रथम, सोनिया द्वितीय, रमीता तृतीय रही। नृत्य में निकिता प्रथम, रिशिला द्वितीय, अंकित तृतीय स्थान पर रही। कार्यक्रम के समापन पर संस्थान की सहनिदेशक मीना ने हरियाली तीज के महत्व के बारे में बताया।
--
इनरव्हील क्लब ने मनाया तीज पर्व
इनरव्हील क्लब सोनीपत ने ईदगाह कॉलोनी में तीज पर्व धूमधाम से मनाया। क्लब की सब कमेटी चेयरपर्सन नीतू दहिया ने तीज पर्व का सारा इंतजाम किया। क्लब सचिव ऊषा भंडारी ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान झूले झूलकर, नाच-गाकर, स्लम के बच्चों को मिठाई बांटकर क्लब के सदस्यों ने आनंद लिया। इस दौरान मंजू छिक्कारा, सुषमा दहिया, प्रवीण नैन, विभा कुमार, रीना, दर्शना मलिक, कमलेश मलिक, संतोष रोहिल्ला उपस्थित रहे।