कुंडली धरनास्थल पर बाबा की मौत के मामले में पोस्टमार्टम के लिए कार्रवाई करता पुलिस कर्मी व साथ मे
- फोटो : Sonipat
कुंडली धरनास्थल पर टीडीआई के पास पंजाब के लुधियाना के किसानों की झोपड़ी में रह रहे बाबा की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। वह करीब छह माह से किसान आंदोलन स्थल पर रह रहे थे।
टीडीआई के पास रह रहे पंजाब के लुधियाना के गांव गुड़ा के किसानों की झोपड़ी है। उनकी झोपड़ी में मंगलवार सुबह एक बाबा का शव मिला। झोपड़ी में रहने वाले किसान फिलहाल अपने घर पंजाब गए हैं। बताया गया है कि बाबा करीब छह-सात माह से आंदोलन में किसानों के साथ रह रहा था। वह कई दिन से बीमार थे और उनके पैरों में सूजन आई थी। सुबह जब कुछ किसान झोपड़ी में गए तो बाबा मृत मिले। किसानों का कहना है कि वह उनका असली नाम व पता नहीं जानते। सभी उन्हें लाडी बाबा के नाम से ही जानते थे। मामले की सूचना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। कुंडली थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रवि कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर पहचान के लिए शव विच्छेदन गृह में रखवा दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता लग सकेगा।