हरियाणा के सोनीपत के खरखौदा में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 10वीं कक्षा के सामाजिक विज्ञान विषय के पेपर में शनिवार को नकल विरोधी उड़नदस्ते को एक लिपिक के मोबाइल फोन में प्रश्नपत्रों की उत्तर कुंजी मिली। जिस पर उसे पकड़ लिया गया। टीम ने परीक्षा केंद्र अधीक्षक को लिपिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाने के आदेश दिए। केंद्र अधीक्षक शिकायत पर लिपिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
गांव बिधलान स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में वार्षिक परीक्षा के लिए केंद्र बनाया गया है। जिसमें शनिवार को 10वीं कक्षा के सामाजिक अध्ययन विषय की परीक्षा थी। इस दौरान उड़नदस्ता ने देखा कि कमरा नंबर 9 में हस्ताक्षर सीट लेकर गया युवक मोबाइल फोन लिए है। जबकि परीक्षा के दौरान मोबाइल ले जाने पर पाबंदी है।
पूछताछ करने पर उसने खुद को स्कूल में लिपिक के पद पर कार्यरत बताया। उड़नदस्ता टीम ने लिपिक से उसका मोबाइल ले लिया। परीक्षा केंद्र अधीक्षक का कहना है कि उड़नदस्ता टीम ने मोबाइल उन्हें सौंपते हुए कहा कि लिपिक अपने मोबाइल में परीक्षा के प्रश्नपत्रों की उत्तर कुंजी रखते हुए नकल करवाने का प्रयास कर रहा था।
ऐसे में उसके खिलाफ पुलिस को शिकायत देते हुए मुकदमा दर्ज करवाया जाए। परीक्षा केंद्र अधीक्षक रवींद्र सिंह ने लिपिक नीलम कुमार के खिलाफ खरखौदा थाने में शिकायत दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोबाइल से अन्य का पता लगाएगी पुलिस
पुलिस ने इस मामले में विभिन्न धाराओं के साथ 120बी भी जोड़ा है। ऐसे में मामले में जुड़े अन्य पर भी कार्रवाई की तलवार लटक गई है। पुलिस अब मोबाइल के माध्यम से उत्तर कुंजी डालने वालों की तलाश करेगी। नकल करवाने के मामले में जो भी अन्य व्यक्ति जुड़ा होगा उस पर भी कार्रवाई की जाएगी।
पहले भी दो युवकों के मोबाइल में मिली थी परीक्षा सामग्री
15 मार्च को 12वीं कक्षा के अंग्रेजी विषय के पेपर के दौरान उड़नदस्ते ने खरखौदा के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बने परीक्षा केंद्र के बाहर दो युवकों को पकड़ा था। जिनके मोबाइल में अंग्रेजी विषय के पेपर से संबंधित लेखन सामग्री मिली थी। आरोपियों के खिलाफ परीक्षा केंद्र अधीक्षक राकेश कुमार ने पुलिस को शिकायत दी थी। जिस पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया था।
केंद्र अधीक्षक की शिकायत के आधार पर लिपिक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लिपिक के मोबाइल को कब्जे में जांच की जा रही है। नकल करवाने के लिए मामले में शामिल अन्य आरोपियों का भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
जितेंद्र सिंह, जांच अधिकारी, खरखौदा थाना