एसटीएफ टीम साथ गिरफ्तार आरोपी। संवाद
- फोटो : Sonipat
सोनीपत। ऑनलाइन परीक्षा पास कराने वाले गिरोह के एक अन्य गुर्गे को एसटीएफ ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी जींद के गांव श्यामलो कलां का रहने वाला आशीष है। पुलिस मामले में छह आरोपियों को पहले काबू कर चुकी है। आरोपियों को पानीपत की अदालत में पेश कर आठ दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर 12 सौ कंप्यूटर, 6 लैपटॉप, 10 मोबाइल और कई ब्लैंक चेक बरामद किए हैं।
एसटीएफ डीएसपी महेश ने बताया कि हैकिंग सॉफ्टवेयर का प्रयोग कर नौकरी लगवाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के छह गुर्गों को गिरफ्तार किया गया था। इनमें मूलरूप से गांव गोरड़ फिलहाल अपेक्स ग्रीन मुरथल निवासी अशोक कुमार उर्फ शौकी, मूलरूप से गोरड़ फिलहाल पटेल नगर निवासी मोनू कुमार उर्फ डॉक्टर, गोरड़ निवासी आशीष, जयपुर के मोती नगर निवासी आकाश, राजस्थान के दोसा कोड़ला के गौरी व जयपुर के पानावाला के आकाश कुमार को काबू किया था। अब टीम ने जींद के श्यामलो कलां निवासी आशीष को गिरफ्तार किया है। सातों आरोपियों को अदालत में पेश कर आठ दिन के रिमांड पर लिया गया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। आरोपियों से यह सामान किया बरामद
एसटीएफ सोनीपत प्रभारी इंस्पेक्टर सतीश देशवाल ने बताया कि ऑनलाइन पेपर सॉल्व करने वाले गिरोह से 1200 कंप्यूटर, 130 हार्ड डिस्क, पैन ड्राईव, कई ब्लैंक चेक, 6 लैपटॉप व 10 मोबाइल बरामद किए गए हैं। नौकरी लगवाने की एवज में ब्लैंक चेक लिए जाते थे। कंप्यूटर आरोपियों की लैब से बरामद किए गए हैं। गन्नौर, दिल्ली, नागपुर व अन्य स्थानों पर लैब स्थापित थीं।
आठ साल से चला रहे गिरोह
सतीश देशवाल ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी वर्ष 2013 से गिरोह चला रहे हैं। आरोपी पैसे लेकर प्रतिभागियों को परीक्षा में पास कराते थे। पुलिस उनसे जुड़े गुर्गों के साथ ही इस मामले में शामिल अन्य को भी गिरफ्तार करेगी।