आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को अपनी मांगों को लेकर जींद रोड स्थित जवाहर लाल नेहरू पार्क से पुराना बस स्टैंड स्थित कांग्रेस विधायक जगबीर मलिक के आवास तक प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने विधायक आवास पर उनके निजी सचिव व नायब तहसीलदार डॉ. प्रमोद कुमार को ज्ञापन सौंपे।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे सीटू के जिला प्रधान आनंद शर्मा ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मांगों को लेकर पिछले काफी दिनों से संघर्ष कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्करों की मांगों को न तो सत्ता पक्ष ने पूरा किया और न विपक्ष ने उनकी आवाज उठाई। इससे कार्यकर्ताओं में दोनों पक्षों के खिलाफ रोष बना हुआ है। इन्हीं को लेकर उन्होंने शहर में प्रदर्शन करते हुए विधायक जगबीर मलिक के निजी सचिव और नायब तहसीलदार डॉ. प्रमोद कुमार को ज्ञापन सौंपे। उन्होंने ज्ञापन के माध्यम से सरकार से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सरकारी कर्मचारी का दर्जा देने, ऐसा करने से पहले वर्कर्स को 24 हजार व हेल्पर्स को 18 हजार रुपये वेतन देन, महंगाई भत्ते का बकाया एरियर लागू करने समेत 19 मांगों को लागू करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि इन्हीं मांगों को लेकर वर्कर्स 26 जनवरी को तिरंगा दिवस मनाएंगी। वर्कर्स सोनीपत के पंचायत भवन में एकत्रित होकर प्रदर्शन करेंगी। इसके बाद 27 जनवरी को काली चुन्नी एवं झंडे लेकर काला दिवस मनाएगी। 28 जनवरी को ट्रैक्टर रैलियां निकालेगी और 29 को गांवों और कॉलोनियों में सरकार के पुतले जलाएगी। इसके बाद 31 जनवरी को पीओ कार्यालय व 1 फरवरी को डीसी कार्यालय का घेराव किया। 2 फरवरी को सोनीपत शहर की सड़कों पर कई किलोमीटर लंबी मानव शृंखला बनाई जाएगी। इस दौरान सचिव सुनीता, एआईयूटीयूसी के राज्य उपाध्यक्ष ईश्वर सिंह राठी, गीता नागर, अनु, उषा रानी, सोना, एआर सिंधू, रमेश अत्री, नरेंद्र चहल, रानी देवी, अनीता देवी, सुरेश यादव, जोगिंदर सिंह, बलबीर खटक, प्रताप सिंह, सेवानंद, नरेंद्र गुर्जर, चांद राम निंबडिय़ा, रोहताश, कविता, सुरेश यादव आदि मौजूद रहे।