टोक्यो पैरालंपिक में स्वर्णिम प्रदर्शन करने वाले गांव खेवड़ा के खिलाड़ी सुमित आंतिल के घर सोमवार को भी बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। सांसद रमेश कौशिक, मुख्यमंत्री के पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन व पूर्व मंत्री कृष्णा गहलावत ने सुमित के घर पहुंचकर परिजनों को बधाई दी।
सांसद रमेश कौशिक मंगलवार को सुमित के गांव खेवड़ा पहुंचे। उन्होंने कहा कि सुमित ने गांव की मिट्टी से विश्व स्तर पर स्वर्ण पताका फहराने का सफर तय किया है, जिसमें उनकी माता निर्मला देवी का सर्वाधिक योगदान है। निर्मला देवी ने विपरीत परिस्थितियों में भी अपने बेटे को आगे बढ़ाने का काम किया है। इसके लिए उन्हें नमन है। इस दौरान सुमित की मां निर्मला, बहन सुशील, रेनू, किरण, चाचा जयसिंह, पार्षद पुनीत राई, बलबीर, तेजू, सतबीर, रोहतास, बिजेंद्र व भाई सुनील आर्य, सोनू व विकास मौजूद रहे।
राजीव जैन ने मां निर्मला देवी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया
राजीव जैन ने पैरालंपिक में स्वर्णिम प्रदर्शन करने वाले सुमित के घर (खेवड़ा) जाकर उनकी माता निर्मला देवी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। साथ ही मिठाई खिलाकर परिजनों व ग्रामीणों के साथ खुशी साझा की। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए हरियाणा सरकार सुमित को पुरस्कार राशि के साथ सरकारी नौकरी का तोहफा प्रदान करेगी। राजीव जैन ने कहा कि सुमित के घर लौटने के बाद उनका अभिनंदन किया जाएगा। इस दौरान सतबीर, अशोक कौशिक, जयभगवान, बीर सैन, डॉक्टर बलवान, कप्तान, विकास, आनंद, सतीश पांचाल, विजय पाल, प्रदीप, प्रवेश अंतिल, नीरज खापरा, संदीप मौजूद रहे।
--
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तिरंगा फहराकर देश को किया गौरवान्वित : कृष्णा गहलावत
प्रदेश की पूर्व मंत्री कृष्णा गहलावत ने खेवड़ा के सुमित आंतिल द्वारा स्वर्ण पदक जीतने पर सुमित की माता निर्मला देवी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सुमित ने जैवलिन थ्रो में स्वर्ण पदक हासिल कर नया इतिहास रचा है। उन्होंने युवाओं के लिए खुद को एक उदाहरण के रूप में प्रस्तुत किया है। दिव्यागंता तथा विपरीत परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी। दृढ़ निश्चय और कठोर मेहनत के बल पर सुमित ने दुनिया में नाम कमाया है। इसके लिए उनकी जितनी प्रशंसा की जाए उतनी कम है। युवाओं के लिए वे प्रेरणास्रोत हैं। सुमित के स्वदेश लौटने के बाद गर्मजोशी से अभिनंदन किया जाएगा।