गांव नैना ततारपुर में नकली और जहरीली शराब बनाने में इस्तेमाल केमिकल और होलोग्राम को सप्लाई करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मूलरूप से करनाल के घरौंडा की राजीव कॉलोनी फिलहाल उत्तराखंड के देहरादून का रहने वाला अमित है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है। केमिकल से बनी शराब को पीकर 30 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी।
5 नवंबर, 2020 को पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव नैना ततारपुर में नकली-जहरीली शराब बनाई जा रही है। पुलिस ने छापा मारकर सेक्टर-23 में रहने वाले विजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने शराब बनाने वाले स्थान से दो ड्रम जहरीली शराब, 254 बोतल रसीला संतरा, एक थर्मामीटर, केमिकल, सील लगाने की मशीन, वाटर पंप, तीन कैन, तीन खाली ड्रम, चार हजार बोतल के ढक्कन, पांच सीरिंज व सफेद पाइप बरामद किए थे। विजय से पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी मुकेश उर्फ विक्की, अजीत उर्फ जीता, नरेश उर्फ नेशी, मंदीप उर्फ सेठा, विजय उर्फ टीटू, कुलदीप, संदीप उर्फ मामा, मोहित उर्फ मोही, विजय, जयसिंह, राजेश उर्फ भालू, रविंद्र अमित उर्फ मीनू, अमित, सतेंद्र उर्फ सोनू, संदीप, सुमित, नवीन, व अनिल उर्फ लीला को भी गिरफ्तार कर लिया था।
आरोपियों ने पुलिस को बताया था कि उनको नकली शराब बनाने के लिए केमिकल करनाल जिले के घरौंडा की राजीव कालोनी का रहने वाला अमित उर्फ अमला सप्लाई करता था। घटना के बाद वह फरार हो गया था। पुलिस को जानकारी मिली थी कि वह उत्तराखंड के देहरादून में रह रहा है। पुलिस ने उसको देहरादून से गिरफ्तार कर लिया। उसे तीन दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।