राई। गांव राई निवासी युवक को रुपये दोगुना करने का झांसा देकर उसके 54 हजार रुपये ठगने का मामला सामने आया है। आरोपी ने बताया कि उसके पास इंडियन आर्मी का क्रेडिट कार्ड है। युवक ने अपने और अपने पिता के खाते से उसको रुपये ट्रांसफर कर दिए। अब आरोपी उसे जान से मारने की धमकी दे रहा है।
साइबर ठगों ने खुद को भारतीय सेना का अधिकारी बताकर ठगी कर ली। राई के रहने वाले सत्यम ने पुलिस को बताया कि 18 मई को उसके पास एक नंबर से कॉल आई थी। कॉल करने वाले सत्यम से कहा कि वह अपना बैंक खाता नंबर बता दे। वह 10 हजार रुपये सत्यम के खाते में भेज देगा। उसको 10 मिनट बाद वापस कर देना। इससे रुपये दोगुने हो जाएंगे। भारत सरकार ने सेना के अधिकारियों को स्पेशल क्रेडिट कार्ड यू-डब्ल्यू जारी किया है। उसमें रुपयों का आदान-प्रदान करने पर वह दोगुने हो जाते हैं। अगर वह रुपये दोगुने कराना चाहते हैं तो इंडियन आर्मी के खाते में ट्रांसफर कर दें। 10 मिनट बाद उसे दोगुने रुपये मिल जाएंगे। इस पर सत्यम साइबर ठगों के झांसे में आ गया। उसने अपने और अपने पिता संजय कुमार के खाते से ठगों के बताए गए खाते में 54,389 रुपये भेज दिए। काफी देर तक रुपये वापस नहीं आने पर उसने संबंधित नंबर पर संपर्क किया। सेना के अधिकारी बनकर फोन करने वाले साइबर ठग ने उसको बताया कि नेटवर्क में थोड़ी दिक्कत आ गई है। उसके परिवार या संपर्क के व्यक्ति के पास कोई बैंक खाता हो तो उसकी धनराशि भी भेज दे। वह एक साथ वापस कर देंगे। इस पर सत्यम को अपने साथ ठगी होने का अहसास हो गया। उसने ठग से रुपये वापस करने को कहा तो वह धमकी देने लगा। राई थाना पुलिस ने सत्यम की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।