सेक्टर-14 के व्यापारी ने प्रॉपर्टी दिलवाने का झांसा देकर 35 लाख की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। उसने दिल्ली के दो युवकों व उनके पिता पर धोखाधड़ी का आरोप लगा मुकदमा दर्ज कराया है। साथ ही आरोप है कि आरोपियों ने इंग्लैंड में रुपये निवेश कराकर मोटी कमाई का झांसा दिया। अब रुपये वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। सेक्टर-27 थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सेक्टर-14 निवासी सचिन जैन ने पुलिस को बताया कि उसे वर्ष 2018 में प्रॉपर्टी खरीदनी थी। इस दौरान उसका संपर्क दिल्ली के प्रॉपर्टी डीलर आशीष कुमार से हुआ। उसने सोनीपत में दो संपत्ति होने का झांसा दिया और उसको रियायती दरों पर दिलाने का भरोसा दिलाया। उसके बताने और दिखाने पर उसे प्रॉपर्टी पसंद आ गई। उससे प्रॉपर्टी का सौदा चार करोड़ रुपये में तय हो गया। वह 8 सितंबर, 2018 को सेक्टर-14 में आशीष के घर पर पहुंचा और बयाना के रूप में 25 लाख रुपये दे दिए। उसके बाद में आशीष ने बताया था कि जल्द ही रजिस्ट्री करा दी जाएगी। बाद में आशीष ने 12 सितंबर 2018 को बताया कि उस प्रॉपर्टी का सौदा नहीं हो पाया है। उस पर पहले से बैंक ऋण है। उसके मालिक से बयाना राशि वापस ली जाएगी। आशीष ने उनको दूसरी जगह निवेश करने का ऑफर दिया, लेकिन सचिन ने अपने रुपये वापस मांगे। आशीष ने 25 लाख नहीं लौटाए तो वह 18 सितंबर, 2018 को उसके दिल्ली स्थित कार्यालय पर गया। वहां आशीष के साथ उसके पिता भी मौजूद थे। उसने रुपये वापस मांगे तो उन्होंने बताया कि उसका भाई मनीष इंग्लैंड में रहता है। वह एक कंपनी का मालिक है। वह लाभ कमाने वाली कंपनी है। उसकी 25 लाख की राशि को 12 प्रतिशत ब्याज के साथ लौटाया जाएगा। उन्होंने उसके 25 लाख रुपये वहां पर निवेश कर दिए हैं। इसके बाद मई 2019 में रुपये वापस लेने को आशीष से संपर्क किया, लेकिन पैसे नहीं मिले।
35.17 लाख हड़पने का आरोप लगाया
सचिन ने आरोप लगाया कि उसे आशीष ने कहा था कि वह रुपये वापस करने को तैयार है, लेकिन फिलहाल उसका भाई लंदन में फंसा हुआ है। उसे कुछ और रुपये देने होंगे। इस पर आरोपियों ने उससे 10 लाख 17 हजार रुपये और लिए। उससे 11 हजार 900 पाउंड की धनराशि 15 मई और 21 मई को बैंक में ट्रांसफर करने की बात हुई। सचिन ने बताया कि आशीष, उसके भाई मनीष और पिता ने 35 लाख 17 हजार की ठगी की है।
वर्जन
व्यक्ति की शिकायत पर दो भाइयों व उनके पिता के खिलाफ भादंसं की धारा 399, 403, 423, 420, 506, 468, 471, 474, 477, 120-बी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। सचिन ने वर्ष 2021 में एसपी कार्यालय में शिकायत दी थी। उसके बाद आर्थिक अपराध शाखा ने मामले की जांच की। अब थाना स्तर पर जांच की जाएगी।
- इंस्पेक्टर वजीर सिंह, थाना प्रभारी, सेक्टर-27