खंड कृषि कार्यालय में किसानों से रिकवरी करने के लिए ऑनलाइन लिस्ट की जांच करते कर्मचारी।
- फोटो : Sonipat
खरखौदा (सोनीपत)। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ ले चुके खरखौदा खंड के 241 किसानों को अब सम्मान निधि नहीं मिलेगी। इतना ही नहीं उन्हें पहले मिल चुकीं किस्तों की राशि को भी वापस करना होगा। रिकवरी के लिए कृषि विभाग की ओर से प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। खंड के 241 किसानों से 23 लाख 26 हजार रुपये की रिकवरी की जानी है, जिसमें से करीब 32 किसानों से करीब तीन लाख रुपये वसूले भी जा चुके हैं।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत रजिस्टर्ड किसान परिवारों को छह हजार रुपये प्रति वर्ष आर्थिक लाभ दिया जाता है। ऐसे किसानों में से 241 किसान ऐसे हैं, जिन्हें भविष्य में इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा। इतना ही नहीं उन्हें पहले मिल चुकी सम्मान निधि की राशि को भी लौटाना होगा। सरकार द्वारा रिकॉर्ड की जांच करने पर उन्हें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का पात्र नहीं माना गया है। ऐसे में अब खंड के 241 किसानों से 23 लाख 26 हजार रुपये की रिकवरी की जानी है। खंड कृषि कार्यालय को भेजी गई लिस्ट में क्षेत्र के 241 किसानों के नाम हैं, जिनसे रिकवरी शुरू कर दी गई है।
आयकर भरने को बनाया गया पैमाना
सरकार द्वारा किसानों की जमीन के रिकॉर्ड की जांच की गई, आधार कार्ड की जांच करने पर पता चला कि खंड के 241 किसानों द्वारा आयकर जमा कराया गया है, जिसके कारण इस योजना का लाभ उन्हें नहीं दिया जाएगा। इतना ही नहीं पहले लाभ ले चुके किसानों से अब रिकवरी भी शुरू कर दी गई है। इस लिस्ट में ऐसे किसान भी शामिल हैं, जिन्होंने आयकर फाइल किया है, लेकिन उसमें पैसा जमा नहीं किया है। सिर्फ आयकर फाइल करने पर ही उन्हें योजना से बाहर का रास्ता दिखाया जा रहा है।
वर्जन
241 किसानों से करीब सवा 23 लाख रुपये की रिकवरी करने के आदेश आए हैं। अब तक 32 किसानों से करीब तीन लाख रुपये रिकवर किए जा चुके हैं। जल्द ही अन्य से भी रिकवरी की जाएगी, किसानों से संपर्क साधा जा रहा है। किसान नकद, चेक या ऑनलाइन पैसा ट्रांसफर कर सकते हैं।
- डॉ. रवींद्र दहिया, खंड कृषि अधिकारी खरखौदा।