कालांवाली में विरोध के बावजूद कार्यक्रम के दौरान संत बाबा बलजीत सिंह को सम्मानित करते ग्रामीण।
- फोटो : Sirsa
कालांवाली। गांव तिलोकेवाला में हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष संत बाबा बलजीत सिंह दादूवाल का कई ग्रामीणों ने गांव में पहुंचने पर काले झंडे लहराकर रोष प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी ग्रामीणों व किसानों को पुलिस ने संत बाबा बलजीत सिंह दादूवाल तक नहीं पहुंचने दिया। प्रदर्शनकारी गुरुद्वारा निर्मलसर साहिब के पास ही नारेबाजी कर रोष जताते रहे।
हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष संत बाबा बलजीत सिंह दादूवाल गांव तिलोकेवाला में गुलाब सिंह मिस्त्री के न्योते पर उनके घर कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे थे। प्रदर्शनकारियों के विरोध के बावजूद संत बाबा बलजीत सिंह ने कार्यक्रम में शिरकत की और करीब आधे घंटे तक वहां रहे। इस दौरान गुलाब सिंह मिस्त्री और कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने संत बाबा बलजीत सिंह दादूवाल को सरोपे भेंट करके सम्मानित किया। संत बाबा बलजीत सिंह के कार्यक्रम के बाद गांव से चले जाने के बाद माहौल शांत होने पर कालांवाली पुलिस, सिंघपुरा चौकी पुलिस, गुप्तचर विभाग और अन्य सुरक्षा बलों ने राहत की सांस ली। इस दौरान प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने बताया कि संयुक्त किसान मोर्चा ने ऐलान किया हुआ है कि सत्ताधारी लोगों का विरोध करना है। इस बात का पता भली-भांति पता होने के बावजूद भी संत बाबा बलजीत सिंह प्रदेश सीएम से मिले थे। इसके अलावा गांव दादू में राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय सांपला को बुलाकर क्षेत्र का माहौल खराब किया था और उक्त मामले में किसानों पर झूठे मामले दर्ज किए गए थे। जिसके बाद क्षेत्र के सभी गांवों ने सामूहिक तौर पर संत बाबा बलजीत सिंह का बहिष्कार करने का ऐलान किया हुआ है। इसके बावजूद वे गांवों में कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे रहे हैं। वे मजदूर व किसानों की लाशों पर और धर्म के नाम पर राजनीति करने वालों को कभी माफ नहीं करेंगे। वहीं संत बाबा बलजीत सिंह दादूवाल के समर्थकों ने कहा कि बाबा किसानों की समस्याओं का समाधान करवाने के लिए ही प्रदेश सीएम से मिले थे। बाबा ने एरिया में अनेक लोगों को नशा छुड़वाने सहित अनेक बुराईयों से दूर कर इंसानियत की अलख जगाई है। उनका इस तरह से विरोध करना गलत है।