सिरसा। बरसाती पानी निकासी के लिए एक बार फिर काम शुरू हो गया है। नगर परिषद के आदेश पर अधूरे काम को पूरा करने के लिए प्रयास शुरू हो गए हैं। अब शहर के बस स्टैंड से लेकर खैरपुर तक पाइपलाइन बिछाने का काम होगा। इसके लिए पाइप का स्टॉक मंगवा लिया है। तय समय सीमा से 5 महीने देरी से चल रहे काम को अब इसी हफ्ते शुरू करने की उम्मीद है।
पूरे शहर में बरसाती पानी निकासी के लिए सरकार ने अमृत (अटल मिशन फॉर रिजर्वेशन एंड अर्बन ट्रांसफोरमेशन) योजना के तहत दो प्रोजेक्ट पास किए। जहां एक ओर पुराने शहर के लिए करीब 38 करोड़ रुपये से बाजारों में पाइपलाइन बिछाने का काम किया जाना है वहीं दूसरी ओर करीब 8 करोड़ रुपये की लागत से बस स्टैंड से लेकर हाइवे स्थित रंगोई नाला तक पाइपलाइन बिछाई जानी है। इतना ही नहीं खैरपुर चौकी के पास पंपिंग स्टेशन का भी प्रस्ताव है। पहले चरण में 7 सितंबर 2018 से हिसार रोड पर पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू हुआ था। लेकिन ये काम कोरोना महामारी के कारण बीच में अटक गया। ये काम 31 मार्च 2021 तक पूरा किया जाना था लेकिन महामारी के कारण काम रुका।
बीच में रुका काम अब होगा दोबारा शुरू, पाइप मंगवाई
नगर परिषद की ओर से चलाए जा रहे काम के तहत हिसार रोड पर बस स्टैंड से लेकर रंगोई नाले तक पाइपलाइन बिछाई जानी है ताकि बारिश के पानी की निकासी की जा सके। इसके बीच में खैरपुर चौकी के पीछे नगर परिषद की खाली भूमि पर पंपिंग स्टेशन का भी निर्माण किया जाना है। इसका 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। पंपिंग स्टेशन से लेकर रंगोई नाले की तरफ पाइपलाइन बिछाने का काम भी करीब 70 प्रतिशत पूरा है। केवल बस स्टैंड से लेकर पंपिंग स्टेशन तक पाइप लाइन बिछाया जाना बाकी है। ये काम भी अब शुरू किया जाएगा। नगर परिषद अधिकारियों ने आदेश दिया और अब काम शुरू होगा। इसके लिए पाइपें मंगवानी शुरू कर दी है। उम्मीद है कि इसी हफ्ते खुदाई का काम शुरू होगा।
इन कॉलोनियों के लोगों को होगा लाभ
एमसी कॉलोनी, डीसी कॉलोनी, गुरुनानक नगर, खैरपुर कॉलोनी, एडीसी कॉलोनी, राम कॉलोनी, बरनाला रोड स्थित भगत सिंह कॉलोनी, बैंक कॉलोनी, गोबिंद नगर, खन्ना कॉलोनी, फ्रेंड्स कॉलोनी, एमआईटीसी कॉलोनी के लोगों को सीधा लाभ होगा। यहां जलभराव से मुक्ति मिलेगी।
जल्द होगा काम शुरू, मिलेगी राहत : एक्सईएन
बरसाती पानी निकासी के लिए हिसार रोड पर पाइपलाइन बिछाने का काम लगभग पूरा हो चुका है। केवल बस स्टैंड से लेकर पंपिंग स्टेशन तक पाइप को बिछाया जाना बाकी है। इसके लिए भी जल्द काम शुरू होगा, पाइपें मंगवानी शुरू कर दी है।
- अजय पंघाल, एक्सईएन, नगर परिषद, सिरसा।