सिरसा के चोपटा क्षेत्र में रात को दो स्थानों पर अलग-अलग स्थानों पर सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। सभी शवों को सामान्य अस्पताल पहुंचाया गया है। पुलिस दोनों हादसों में कार्रवाई कर रही है।
पहले हादसे में सिरसा से दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर ढुकड़ा की तरफ जा रहे युवकों को सिरसा की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। दो मोटरसाइकिलों पर चार युवक सवार थे। सामने से टक्कर लगने के कारण दोनों मोटरसाइकिलों के चालकों की मौत हो गई। जबकि पीछे बैठे दोनों युवक घायल बताए जा रहे है। हादसे में अभय निवासी ढुकड़ा (23) और पंकज निवासी जोधपुरा (25) की मौत हो गई। अभय और पंकज अलग-अलग मोटरसाइकिल चला रहे थे। आसपास के लोगों ने घायलों को नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। मोटरसाइकिल के पीछे सवार दोनों युवक की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। वहीं पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पिकअप में सवार एक व्यक्ति की मौत
चोपटा क्षेत्र में ही पिकअप रोड पर पलटने के कारण उसमें सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई है। जानकारी के अनुसार पिकअप में सात से आठ लोग सवार थे। अनियंत्रित होकर पलटी पिकअप के कारण एक की मौत हो गई है।