बडागुढ़ा। विकसित भारत संकल्प यात्रा व जनसंवाद कार्यक्रम के तहत गांव बडागुढ़ा के खंड कार्यालय से बिजली मंत्री चौधरी रणजीत सिंह और सांसद सुनीता दुग्गल ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान विभिन्न योजनाओं की 17 स्टॉल लगाई गई। लेकिन जैसे ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव कार्यक्रम निर्धारित समय पर शुरू हुआ, रथ रूपी ट्रक में पर्दे में लगी एलईडी स्क्रीन में तकनीकी खामी आ गई। एलईडी स्क्रीन बंद होने पर अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए। आनन फानन में खंड कार्यालय में लगी एलईडी उतारकर लाई गई और उस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाइव कार्यक्रम को चलाया गया।
आधे घंटे की मशक्कत के बाद कर्मचारियों ने रथ की एलईडी स्क्रीन को दुरुस्त किया। जिसके बाद उस पर लाइन प्रसारण चलाया गया। करीबन साढ़े 12 बजे तक प्रधानमंत्री का लाइव कार्यक्रम चला। इस दौरान बिजली मंत्री चौ. रणजीत सिंह, सांसद सुनीता दुग्गल, पूर्व विधायक बलकौर सिंह, जिला प्रधान एवं चेयरमैन आदित्य चौटाला, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सागर केहरवाला, अमन चौपड़ा व जिला उपायुक्त सहित अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर बिजली मंत्री चौ. रणजीत सिंह ने अपने संबोधन मेें कहा कि जिस परिवार की आय 1 लाख 80 हजार रुपये से कम है, उन्हें आयुष्मान भारत व चिरायु योजना के तहत 5 लाख रुपये तक का निशुल्क इलाज की सुविधा दी जा रही है। इसके अलावा सरकार द्वारा अनेक कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। इस दौरान बिजली मंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को हमारा संकल्प विकसित भारत की शपथ भी दिलवाई। वहीं सांसद सुनीता दुग्गल ने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा-जनसंवाद’ सिरसा जिला के शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के हर आमजन तक केंद्र व प्रदेश सरकार की 9 साल की उपलब्धियों पर केंद्रित जागरूकता कार्यक्रम के साथ पहुंचेगी। लोगों को चाहिए कि वे इस यात्रा के साथ जुड़कर केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ उठाएं और 2047 तक भारत को विकसित देश बनाने में अपना योगदान दें।
-
सरकारी योजनाओं के बारे में आमजन को अवगत करवाया जाएगा
सांसद सुनीता दुग्गल ने कहा कि हमारा देश विकासशील है और इसे विकसित देश बनाने की दिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रयासरत है। इसी दिशा में विकसित भारत यात्रा शुरू की गई है। इस यात्रा के दौरान विभिन्न प्रकार की सरकारी योजनाओं के बारे में आमजन को अवगत करवाया जाएगा। उनकी समस्याओं का समाधान विभिन्न विभागों के अधिकारी मौके पर ही करेंगे, ताकि उन्हें भविष्य में कोई परेशानी का सामना न करना पड़े।
-
स्कूली छात्रोंं ने देखा लाइव प्रसारण
बडागुढ़ा में आयोजित कार्यक्रम में सुबह से ही अधिकारियों का जमावड़ा लग गया। वहीं लोग भी बड़ी संख्या में अपनी शिकायतें लेकर कार्यक्रम में पहुंच गए। वहीं स्कूल के छात्रों को भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव प्रसारण दिखाया गया। इस दौरान पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।