सिरसा। खेल सुविधाएं सुधारने के लिए प्रशासन और विभाग तैयारियां कर रहा है। शहर के शहीद भगत सिंह खेल स्टेडियम में नया एथलेटिक्स ट्रैक बनाने की तैयारी है। सिंथेटिक ट्रैक बनने से खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण मिल पाएगा और अच्छा प्रदर्शन कर पाएंगे। प्रतिदिन स्टेडियम में करीब 50 खिलाड़ी एथलेटिक्स खेलों की तैयारियां करने के लिए सुबह-शाम स्टेडियम पहुंच रहे हैं। खेलों में युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए स्थानीय कोच भी हरसंभव प्रयास कर रहे हैं।
शहीद भगतसिंह स्टेडियम में एथलेटिक्स खेलों की तैयारियां करने के लिए नर्सरी चल रही है। इसमें 18 वर्ष से कम आयु के करीब 25 बच्चे भाग ले रहे हैं। नर्सरी की शुरुआत करने से खेलों की तरफ ज्यादा रुझान बढ़ रहा है। इसके अलावा कोरोना के चलते पिछले दो साल से टूर्नामेंट का आयोजन नहीं हो रहा है, जिसके चलते खेलों को लेकर तैयारियां कर रहे खिलाड़ियों को मायूसी हाथ लग रही है। एथलेटिक्स में बेहतर प्रदर्शन के लिए खिलाड़ियों को जरूरत अनुसार सभी उपकरण उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। करीब 10 खिलाड़ियों ने एथलेटिक्स में बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है।
प्रस्ताव तैयार
शहीद भगत सिंह स्टेडियम में खिलाड़ियों की तैयारियों के लिए जल्द ही सिंथेटिक ट्रैक का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए विभाग की ओर से राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है। अनुमति मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। सिंथेटिक ट्रैक बनने के बाद खिलाड़ियों को दौड़ने में राहत मिलेगी। सिंथेटिक ट्रैक में तैयारी करने से खिलाड़ियों को काफी राहत मिलती है।
एथलेटिक्स में आते हैं 28 खेल
जिले में एथलेटिक्स खेलों में भाग लेने के लिए युवा रुचि दिखा रहे हैं। एथलेटिक्स में रनिंग, जंप, थ्रो, मैराथन, हाफ मैराथन, मीटर लोंग, डिस्टेंस सहित 28 खेल आते हैं। इन खेलों की तैयारियों के लिए नर्सरी के बच्चों के अलावा 18 वर्ष की आयु से ऊपर वाले करीब 20 खिलाड़ी तैयारियां कर रहे हैं। इनमें से अनेक खिलाड़ी जिला स्तर पर हुई प्रतियोगिताओं में भाग लेकर बेहतर प्रदर्शन कर चुके हैं।
एथलेटिक्स में नेशनल खेल चुके पति-पत्नी कर रहे तैयारियां
खेलों में रुचि रखने वाले बच्चों को शहीद भगत सिंह स्टेडियम में एथलेटिक्स कोच प्रियंका सहरावत व उनके पति राहुल सहरावत तैयारियां करवाते हैं। कोच प्रियंका सहरावत ने एथलेटिक्स खेलों में ऑल इंडिया स्तर की प्रतियोगिता व नेशनल खेलों में भाग लिया है। जहां पर वे बेहतर प्रदर्शन करते हुए विजेता रही हैं। इसी प्रकार राहुल डिस्क्र थ्रो में नेशनल खिलाड़ी रहे हैं। फिलहाल वे सिरसा में रेलवे के अभियांत्रिकी विभाग में कार्यालय अधीक्षक हैं तथा शाम के समय में एथलेटिक्स की तैयारियां करवाते हैं।
1500 मीटर मैराथन की तैयारियां कर रहा हूं। व्यवस्थाएं काफी बेहतर है तथा कोच का पूरा सहयोग मिल रहा है। बेहतर मार्गदर्शन मिलने के चलते तैयारियां भी अच्छी हो रही है।
- रोहित, खिलाड़ी
एथलेटिक्स में बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयारी कर रहे हैं। मैं 100 मीटर डिस्क थ्रो की तैयारियां कर रही हूं। स्टेडियम में बेहतर सुविधाएं मिल रही है, जिस कारण खिलाड़ियों को तैयारी करने में परेशानी नहीं होती।
- डिंपल, खिलाड़ी
डिस्क थ्रो में अभी तक जिला स्तर पर हुई प्रतियोगिताओं में भाग लिया है। अब राज्य व नेशनल स्तर पर जिले का नाम रोशन करना चाहता हूं। कोच के अनुभव का भी सहयोग मिल रहा है।
- कुलविंद्र, खिलाड़ी।