विद्यार्थियों को समझाते स्कूल सेकेटरी।
- फोटो : Sirsa
सिरसा। रानियां रोड पर स्थित स्वामी विवेकानंद स्कूल में दसवीं बोर्ड परीक्षाओं में नंबर कम आने के चलते विद्यार्थियों ने हंगामा कर दिया और स्कूल गेट के समक्ष धरना लगाकर बैठ गए। विद्यार्थियों का आरोप है कि स्कूल कमेटी द्वारा कम फीस देने वाले विद्यार्थियों को जान बूझकर फेल किया गया है। स्कूल प्रशासन की ओर से पहले विद्यार्थियों को फिर से फेल करने का भय दिखाया गया, लेेकिन जब वे नहीं माने तो पुलिस को बुलाया गया। मांगों को लेकर विद्यार्थी करीब तीन घंटे तक धरने पर बैठे रहे।
दसवीं सीबीएसई बोर्ड का परीक्षा परिणाम आने के बाद जिले के तीसरे स्कूल पर अंकों के मामले में हेराफेरी करने के आरोप लगे है। विवेकानंद स्कूल के विद्यार्थियों ने बोर्ड को भेजे गए नंबरों में फीस कम देने वाले विद्यार्थियों के नंबर कम लगाने के आरोप लगाए हैं। विद्यार्थी शुक्रवार सुबह दस बजे ही स्कूल के बाहर पहुंचे और स्कूल कमेटी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने लगे। विद्यार्थियों के गेट पर बैठकर नारेबाजी करने पर स्कूल के सचिव विवेक यादव विद्यार्थियों से बातचीत करने के लिए बाहर आए। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि अगर वे धरने से नहीं उठेंगे, तो स्कूल उन्हें किसी भी प्रकार से सहयोग नहीं करेगा। इस तरह प्रदर्शन करना उनके लिए ठीक नहीं होगा। लेकिन विद्यार्थी नहीं मानें। कुछ समय बाद स्कूल कमेटी ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को बुला लिया। इस पर मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मचारियों ने विद्यार्थियों की समस्या सुन स्कूल प्रिंसिपल से बातचीत करवाने का आश्वासन दिया। जिसके बाद समूह में से पांच विद्यार्थी प्रिंसिपल से मिलने गए। वहां प्रिंसिपल ने उनको इस बारे में अपलीकेशन लिखने को बोला। जिस पर विद्यार्थी मान गए और उन्होंने बोर्ड के नाम अपलीकेशन लिख कर प्रिंसिपल को दे दी। उसके बाद विद्यार्थी धरना खत्म कर अपने घर को चले गए।
सीबीएसई की गाइडलाइन के अनुसार की विद्यार्थियों के नंबर भेजे गए हैं। हमें अपने स्कूल का रिजल्ट खराब करने का शौक नहीं है। हम भी चाहते थे कि हमारे सभी विद्यार्थी पास हो लेकिन स्कूल को बोर्ड की गाइडलाइन के अनुसार विद्यार्थियों में नंबर देने थे।
-विवेक यादव, सचिव, विवेकानंद स्कूल सिरसा
स्कूल के समक्ष धरना देकर बैठे विद्यार्थी।- फोटो : Sirsa