विजेता संतोष कुमारी को लड्डू खिलाते चेयरमैन टेकचंद छाबड़ा व अन्य।
-शहर के विकास कार्यों में आएगी तेजी : चेयरमैन टेकचंद छाबड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
डबवाली। शहर की छोटी सरकार नगर परिषद में सोमवार को फाइनेंस कमेटी में दो सदस्यों को लेकर चुनावी बैठक बुलाई गई। जिसमें हाउस द्वारा दो सदस्यों का चुनाव किया गया। चुनावी प्रक्रिया ईओ सुरेंद्र कुमार ने निभाई। इसमें चार पार्षदों को चुना गया और उनका चुनाव करवाया गया। इस प्रक्रिया में 21 पार्षदों सहित नगर परिषद के चेयरमैन टेकचंद छाबड़ा ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
चेयरमैन टेकचंद छाबड़ा ने बताया कि भाजपा समर्थित पार्षद संतोष कुमारी को 8, कांग्रेस समर्थित पार्षद दीपक बाबा को 6 व समनदीप बराड़ को 2 तथा जजपा समर्थित पार्षद अमरनाथ को 6 वोट मिले। दोनों पार्षदों को बराबर-बराबर 6-6 वोट मिलने से टॉस द्वारा निर्णय किया गया। जिसमें अमरनाथ बागड़ी को जीत मिली।
बता दें कि नगर परिषद में चेयरमैन से डीडी पॉवर चले जाने के बाद विकास कार्य रुके हुए थे और पूर्व में करवाए गए विकास कार्याें का भुगतान नहीं हो पा रहा था। ऐसे में उच्च अधिकारियों द्वारा मिले आदेशों पर पांच सदस्यीय कमेटी का गठन किया जाना था। जिसमें चेयरमैन टेकचंद छाबड़ा, वाइस चेयरमैन अमनदीप बांसल व ईओ सुरेंद्र कुमार तो पहले से ही तय थे, लेकिन बाकी प्रक्रिया पूरी करने के लिए दो पार्षदों को सदस्य बनाना था, जिसके लिए सोमवार को चुनाव करवाया गया। इसमें अब संतोष कुमारी व अमरनाथ बागड़ी फाइनेंस कमेटी के सदस्य होंगे। चेयरमैन टेकचंद छाबड़ा ने बताया कि फाइनेंस कमेटी पूरी होने के बाद अब शहर में विकास कार्यों में तेजी आएगी और टेंडर कॉल करने में आसानी होगी। उक्त कमेटी फाइनेंस सभी मामले देखेगी और बिलों का भुगतान करेगी। चुने जाने के बाद अन्य पार्षदों ने विजेता सदस्यों को लड्डू खिलाकर अपनी खुशी व्यक्त की।