सिरसा। शिक्षा के नियम 134-ए में दाखिले के कुल सीटों पर 20 फीसदी विद्यार्थियों ने ही पंजीकरण करवाया है। सत्र के बीच में शुरू हुए दाखिलों को लेकर अभिभावक पंजीकरण नहीं कर रहे है। हालांकि, विभाग की ओर से पहले से पढ़ रहे स्कूल को विकल्प में चुनने का भी नियम बनाया गया है, लेकिन अभिभावक इस से बेखबर है। 24 नवंबर को ऑनलाइन पंजीकरण करने का अंतिम दिन है, इसके बाद 5 दिसंबर को असेसमेंट परीक्षा होगी।
जिले के 275 निजी स्कूलों में दूसरी से 9वीं व 11वीं कक्षा करीब में नियम 134ए के तहत दाखिला लेने के लिए 7315 सीटें हैं। दाखिला लेने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण करने के लिए 24 नवंबर को अंतिम दिन है। 22 नवंबर तक कुल सीटों पर 20 फीसदी यानी 1465 विद्यार्थियों ने ही पंजीकरण किया है। सत्र के बीच में नियम 134ए के दाखिले शुरू होने के कारण इस बार अभिभावक रुचि नहीं दिखा रहे हैं। दाखिलों के लिए पंजीकरण करने के लिए शिक्षा निदेशालय ने नियमों में बदलाव कर वर्तमान में पढ़ रहे स्कूल को भी विकल्प के रूप में भरने की छूट दी है। इससे पहले नियम यह था कि नियम 134ए के पंजीकरण करवाते समय विद्यार्थी जिस स्कूल में पहले से पढ़ रहा है उसे विकल्प में शामिल नहीं कर सकता। वहीं आय प्रमाण पत्र की वैधता को भी 6 माह से बढ़ाकर एक साल कर दिया है। इन नियमों के बदलाव से अभिभावक बेखबर है, जिसके चलते वह अपने बच्चों के लिए आवेदन नहीं करवा रहे हैं।
यह होगा दाखिले को लेकर अगला शेड्यूल
नियम 134 ए में एसेसमेंट परीक्षा 5 दिसंबर को होगी, जिसका परिणाम 10 दिसंबर को जारी किया जाएगा। पहला ड्रॉ 13 दिसंबर को निकलेगा और 15 से 24 दिसंबर तक ड्रॉ में आए विद्यार्थियों को स्कूलों में दाखिले लेने का समय मिलेगा। जिसके बाद दूसरे ड्रॉ निकलने की सूचना प्रकाशित की जाएगी।
इन दस्तावेजों के साथ विद्यार्थी यहां कर सकते है ऑनलाइन आवेदन
आवेदन के लिए विद्यार्थी का आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, आंगनबाड़ी रिकॉर्ड, अस्पताल का पंजीकरण रिकॉर्ड व माता पिता द्वारा एफिडेविट जो जन्म तिथि को प्रमाणित करता हो। माता पिता में से किसी एक का आईडी प्रूफ, पता सत्यापन के लिए बिजली बिल, राशन कार्ड, आधार कार्ड, डोमिसाइल, पासपोर्ट या रेंट एग्रीमेंट में से कोई एक प्रूफ पोर्टल पर अपलोड करना होगा। विद्यार्थी 24 नवंबर मध्य रात्रि तक विभागीय वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। कक्षा दूसरी से नौवीं व 11वीं तक के वो विद्यार्थी जो ईडब्ल्यूएस व बीपीएल परिवार से संबंध रखते हो वह बच्चे नियम 134ए के लिए आवेदन कर सकते हैं।
कक्षा, कुल सीटें , पंजीकरण
-- दूसरी, 918,254
- तीसरी,912,267
- चौथी,776,215
- पांचवी,722,184
- छठी,685,174
- सातवीं,578,145
- आठवीं,618,144
- नौवीं,602,82
- 11वीं,436, 13
दूसरी से 9वीं व 11वीं कक्षा के लिए विद्यार्थी नियम 134ए के अंतर्गत पोर्टल पर 24 नवंबर तक आवेदन कर सकते हैं।
-आत्म प्रकाश मेहरा, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सिरसा।