कार्रवाई के बाद रोडवेज वर्कशॉप में खड़ी पकड़ी गई बसें।
- फोटो : Sirsa
आरटीए व रोडवेज विभाग की संयुक्त टीम ने शनिवार रात व अल सुबह रविवार अवैध रुप से चल रहे सात वाहनों को पकड़ा। सभी वाहनों को जब्त कर चार लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। टीम ने बिना परमिट के चल रही बसों से सवारियों को उतारकर उनका किराया रिफंड करवाकर उन्हें रोडवेज की बसों से दिल्ली भेजा।
आरटीए व रोडवेज विभाग की संयुक्त टीम को शिकायतें मिल रही थी कि राजस्थान की कुछ बसें सिरसा से होकर दिल्ली निकलती है। ये बसें रात को सवारियां लेकर चलती है। आरटीए व रोडवेज विभाग द्वारा संयुक्त रूप से चलाए अभियान के तहत आरटीओ हीरा लाल, रोडवेज महाप्रबंधक आरएस पूनिया, परिवहन विभाग के टीएसआई वीरेंद्र कुमार की अगुवाई में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत टीम ने ऐलनाबाद क्षेत्र में राजस्थान बॉर्डर में जांच के दौरान तीन ओवरलोड ट्रक पकड़े। उक्त ट्रकों में सरिया, लकड़ी के गुटखे तथा सड़क बनाने में काम आने वाला पत्थर भरा हुआ था। तीनों ओवरलोड ट्रक को 74 हजार रुपये, 54 हजार रुपये व 32 हजार रुपये के चालान किए गए। इसके अलावा टीम ने भावदीन टोल प्लाजा पर श्रीगंगानगर से दिल्ली जाने वाली तीन स्लीपर बसों भी जांच की। उक्त बसों के पास टूरिस्ट परमिट था, लेकिन वे हर जगह से सवारियां उठाकर दिल्ली लेकर जा रहे थे। टैक्स की अदायगी भी नहीं की गई थी और बसों की ऊंचाई भी सामान्य बसों की अपेक्षा अधिक मिलने पर उनके चालान किए गए। प्रत्येक बस का करीब 70 हजार रुपये चालान किया गया। टीम ने तीनों बसों को रोडवेज वर्कशॉप में खड़ा करवा दिया। साथ ही टीम ने बिना टैक्स के पाए जाने पर एक पिकअप गाड़ी को भी जब्त किया। जिसका करीब 30 हजार रुपये का चालान किया गया।
रोडवेज की बसों से सवारियां भेजा दिल्ली
तीनों बसों में करीब 100 सवारियां थी, ऐसे में आरटीए व रोडवेज की टीम ने अवैध बसों में सफर कर रही सवारियों को उतारकर बस चालकों से किराया वापस दिलाया गया। फिर उन्हें हरियाणा रोडवेज की दिल्ली जाने वाली बसों में बैठाया और रवाना किया।
कोट
आरटीए व रोडवेज विभाग द्वारा लगातार संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत शनिवार रात को तीन बसों, तीन ट्रकों व एक पिकअप गाड़ी के चालान किए गए है और नियमों की अवहेलना पाए जाने पर वाहनों पर चार लाख रुपये जुर्माना लगाया गया है।
-वीरेंद्र कुमार, सहायक आरटीए, सिरसा।