मैन गेट के बीच में खड़ी बस,पार्किंग को लेकर परेशान होता यात्री।
- फोटो : Sirsa
रोडवेज बस यात्रियों की सुविधा के लिए है। लेकिन सिरसा डिपो ने रोडवेज बस को बस स्टैंड के गेट के बीच में खड़ी कर यात्रियों के लिए असुविधा बना दी है। रोडवेज सिरसा के जीएम खूबीराम के आदेश पर रोडवेज विभाग ने बस स्टैंड के एंट्री प्वाइंट पर रोडवेज बस खड़ी कर दी, ताकि कोई भी यात्री बस स्टैंड की पार्किंग में अपना वाहन खड़ा न कर सके। ऐसे में वीरवार सुबह सवेरे बस स्टैंड के मुख्य गेट में बीच में बस खड़ी होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सिरसा डिपो की पार्किंग में दैनिक यात्री अपने दो पहिया और चार पहिया वाहन पार्क करके जाते हैं। बस स्टैंड की पार्किंग का टेंडर 30 जून को खत्म हो गया था। ऐसे में दैनिक यात्री दो पहिया वाहन बस स्टैंड में खड़ा करके चले जाते थे। लेकिन कुछ दिनों बाद रोडवेज जीएम ने बस स्टैंड की पार्किंग वाली जगह पर तारबंदी कर दी। ताकि यात्री वहां पर वाहन पार्क न करके जाएं। इससे दैनिक यात्रियों को असुविधा हुई।
कुछ यात्रियों ने बस स्टैंड के पिछले गेट में पोर्च के सामने अपने वाहन पार्क करने शुरू कर दिए। ऐसे में रोडवेज जीएम ने वीरवार को मुख्य गेट में ही रोडवेज की बस खड़ी करवा दी। इससे यात्रियों के वाहनों की आवाजाही ही बंद हो गई। यह बस सुबह से शाम तक सिरसा रोडवेज बस स्टैंड के मुख्य गेट में खड़ी रही। इस दौरान बस स्टैंड के बाहर सड़क पर ही अपने परिजनों को छोड़कर जा रहे थे।
बस स्टैंड की पार्किंग को ठेके पर देने की दो डेट जा चुकी हैं। अभी तक किसी को भी पार्किंग का टेंडर नहीं मिला है। पार्किंग को लेकर कोई सुविधा देने का हमारे पास कोई पावर नहीं है। अगर हम यहां पर कोई वाहन खड़ा करवाते हैं तो वह अवैध पार्किंग मानी जाती है। हम भी परेशान हो चुके हैं। बस को अवैध पार्किंग रोकने के लिए खड़ा किया गया है। यह मेरा काम है मैं कुछ भी करूं। लोगों को अवैध पार्किंग के लिए समझा रहे हैं, पर कोई मानता नहीं है। इसका हल मुख्यालय द्वारा ही किया जाएगा। 12 जुलाई को पार्किंग स्थल की बोली है। अगर कोई लेता है तो ठीक है नहीं तो यह ऐसा ही चलता रहेगा।
- खूबी राम कौशल, जीएम, हरियाणा रोडवेज, सिरसा डिपो।