सिरसा। नये सिरे से प्रॉपर्टी का सर्वे का काम पूरा होने के बाद अब याशी एजेंसी ने मूल्यांकन नोटिस वितरण का काम जोर-शोर से शुरू कर दिया है। अब तक जिले में 10 हजार से ज्यादा मूल्यांकन नोटिस वितरित हो चुके हैं। 50 से ज्यादा टीमों का गठन किया गया है। हालांकि कई क्षेत्र में लोग नोटिस लेने से आनाकानी कर रहे हैं, लेकिन अधिकारियों ने आमजन से आह्वान किया है कि वे नोटिस स्वीकार करें और स्वीकार करते समय फोटो भी जरूर करवाएं। इससे त्रुटियां भी ठीक करवाने में सहयोग मिलेगा।
सरकार के आदेश पर जिले के सभी खंडों में प्रॉपर्टी का सर्वे करवाया गया। अब सर्वे का काम पूरा हो चुका है और याशी एजेंसी की ओर से मूल्यांकन नोटिस वितरण का काम शुरू किया है। इसके तहत 50 से ज्यादा टीमों का गठन कर दिया गया है। सिरसा शहर के साथ-साथ डबवाली, रानियां, ऐलनाबाद, कालांवाली में भी नोटिस वितरण का काम शुरू हो चुका है। याशी एजेंसी के सुपरवाइजर और नगर परिषद के अधिकारियों ने कहा कि ये मूल्यांकन नोटिस जरूर स्वीकार करें और स्वीकार करते समय फोटो भी जरूर करवाएं। इससे बाद में यदि मूल्यांकन नोटिस में किसी प्रकार की त्रुटि होगी तो ठीक करवाई जा सकेगी। सिरसा में सुपरवाइजर जसवंत सिंह और ऐलनाबाद में सुपरवाइजर डूंगर राम की देखरेख में नोटिस वितरित किए जा रहे हैं।
सरकार के आदेेश पर हुुआ था सर्वे, अब एजेंसी ही वसूल करेगी
वर्ष 2019 में सरकार के आदेश पर पूरे जिले में सर्वे करवाया गया। ड्रोन से प्रॉपर्टी का सर्वे हुुआ। अब ये एजेंसी ही प्रॉपर्टी टैक्स की वसूली भी करेगी। यदि सर्वे के दौरान किसी भी प्रकार की त्रुटि हुई है तो इसका पता असेसमेंट नोटिस में चल जाएगा। ऐसे में आमजन इसकी त्रुटियां ठीक भी करवा सकते हैं। सिरसा शहर के शाह सतनाम सिंह नगर, परमार्थ कॉलोनी, जगदंबे कॉलोनी, प्रीत नगर में नोटिस वितरण का काम पूरा हो चुका है। अब टीमें शहर के दूसरे एरिया में काम शुरू करेगी।
जानिए...कहां, कितने नोटिस बंट चुके
एरिया नोटिस संख्या
सिरसा 1200
रानियां 6500
कालांवाली 3300
डबवाली 50
ऐलनाबाद 200
ऐलनाबाद में भी शुरू हुआ वितरण, अब तेजी पकड़ेगा अभियान
याशी एजेंसी की ओर से मंगलवार को ऐलनाबाद क्षेत्र में मूल्यांकन नोटिस वितरण का काम शुरू किया गया। सुपरवाइजर डूंगर राम ने बताया कि अब तक 200 से ज्यादा नोटिस बंट चुके हैं। उन्होंने बताया कि कुछ लोग नोटिस लेने में आनाकानी कर रहे हैं, लेकिन नोटिस लेना और रिसीव करते हुए फोटो करवाना भी जरूरी है। उन्होंने महिलाओं से भी आह्वान किया है कि वे नोटिस को लेने से इंकार ना करें। क्योंकि मूल्यांकन नोटिस मिलने के बाद ही प्रॉपर्टी धारक को पता चलेगा कि उसका प्रॉपर्टी टैक्स का कितना बिल आएगा। यदि कोई गलती है तो उसे ठीक करवाया जा सकता है।
नोटिस बांटे जा रहे हैं : कार्यकारी अधिकारी
याशी एजेंसी की ओर से प्रॉपर्टी सर्वे के बाद अब मूल्यांकन नोटिस देने का काम शुरू किया गया है। नोटिस वितरण का काम शुरू कर दिया गया है।
-संदीप मलिक, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद, सिरसा।