सिरसा। जिले के एक गांव में घर से लापता बच्ची का शव वीरवार रात को खेतों में मिलने के बाद पोस्टमार्टम के लिए शुक्रवार को नागरिक अस्पताल में लाया गया। बच्ची के शव के साथ परिजन और गांववासी भी नागरिक अस्पताल में पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने पुलिस प्रशासन से बच्ची के हत्या आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग और धरने पर बैठ गए। परिजनों ने कहा कि जब तक बेटी के हत्या आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक शव का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।
बच्ची के परिजनों द्वारा नागरिक अस्पताल में धरना देने की सूचना मिलने के बाद अस्पताल में डीएसपी आर्यन चौधरी, डीएसपी जगत सिंह सहित भारी पुलिस बल तैनात कर दिया। पुलिस कर्मी और अधिकारी परिजनों को आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन देते रहे, लेकिन परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। इस दौरान परिजनों ने रानियां थाना प्रभारी को निलंबित करने, पोस्टमार्टम करते समय वीडियोग्राफी करने, मामले की सीबीआई जांच करवाने, पीड़ित परिवार को सरकार की तरफ से आर्थिक सहायता देने और दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई। मामले की सूचना मिलने के बाद एसडीएम जयवीर यादव पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और मांग पत्र लिया। एसडीएम ने परिजनों को आरोपियों पर सख्त कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया। एसडीएम के जाने के बाद परिजन फिर से मांगों पर अड़ गए और धरने पर बैठे रहे।
यह था पूरा मामला
रानियां के एक गांव निवासी 12 वर्षीय बच्ची 25 जुलाई को शाम के समय दूध लेने के लिए गई थी। जब दूध लेकर वह घर के पास पहुंची तो मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने उसको अगवा कर लिया। जिसके बाद वीरवार देर रात को बच्ची का शव गांव से ही कुछ दूरी पर खेतों में मिला। शव पानी के कारण पूरी तरह से खराब हो चुका था और हाथ बंधे हुए थे।
पुलिस पर लगाए कार्रवाई न करने के आरोप
बच्ची की मां ने कहा कि घर आते समय बाइक सवार दो युवकों ने उसे अगवा कर लिया था। वह घर में काम कर रही थी, इसी दौरान उसे बचाओ बचाओ की आवाज सुनाई दी तो वह घर से बाहर आई। उसने देखा की दो युवक उसकी बेटी को बाइक पर पर लेकर जा रहे थे। उसने पकड़ने का प्रयास किया लेकिन दोनों फरार होने में कामयाब हो गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई तो रानियां पुलिस दो घंटे बाद उनके घर पहुंची। पुलिस ने बयान लिख लिए और वापस चली गई। मां ने आरोप लगाते हुए कहा कि अगर उसी दिन पुलिस उनकी बेटी की तलाश करती तो उसकी जान न जाती। वहीं उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस ने उन्हें बच्ची का अंतिम संस्कार करने के लिए भी धमकाया है और बच्ची के शव के पास जाने से भी रोका था।
दूध लेने के लिए बर्तन में गेहूं लेकर गई थी बेटी
मृतक की मां ने बताया कि उनके 6 बेटियां हैं। जिनमें से दो की शादी हो चुकी है। 25 जुलाई की शाम को एक बेटी दूध के बर्तन में गेहूं लेकर गई थी। गेहूं बेचने के बाद जो पैसा मिला उसे लेकर दूध लेने के लिए डेयरी पर पहुंच गई। उन्होंने आरोप लगाया कि डेयरी संचालक ने उसे बैठा लिया और दूध लेने के लिए आए अन्य लोगों को जल्दी-जल्दी दूध देकर निपटा दिया। इसके बाद जब उनकी बेटी दूध लेकर बाहर निकली तो बाहर बैठे एक युवक ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। घर के पास जैसी ही बेटी पहुंची तो दोनों ने मिलकर उसे अगवा कर लिया। जब वे बेटी को तलाश कर रहे थे तो डेयरी संचालक भी शव मिलने वाली जगह से बाइक पर सवार होकर वापस आ रहा था।
ग्रामीणों ने की प्रशासन व सरकार से आर्थिक सहायता की मांग
मृतका के परिजनों के साथ आए ग्रामीणों ने कहा कि मासूम का परिवार बेहद गरीब है। मृतका के परिवार में 6 बेटियां हैं, जिनमें से दो शादीशुदा हैं। मजदूरी कर परिवार गुजर बसर कर रहा है। बेटी के साथ हुई हैवानियत से परिवार टूट गया है। परिवार की स्थिति को देखते हुए प्रशासन व सरकार पीड़िता के परिवार को आर्थिक सहायता मुहैया करवाए, ताकि उन्हें कुछ राहत मिल सके।
आश्वासन पर परिजनों ने धरना किया समाप्त
पुलिस ने बच्ची का पोस्टमार्टम करवा दुष्कर्म होने और हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं डीएसपी जगत सिंह ने मृतक बच्ची के परिजनों को आठ सदस्य कमेटी बनाने को कहा और उनके अनुसार ही कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। जिसके बाद परिजनों ने बच्ची के शव को ले लिया और धरना समाप्त कर अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं प्रशासन की ओर से सीआईए सिरसा और रानियां पुलिस को मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं।
पोस्टमार्टम होने के बाद बच्ची के शव को परिजनों को सौंप दिया है। मृतक के परिजनों के बयान पर हत्या और दुष्कर्म की धाराओं को जोड़ जांच शुरू कर दी है। आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-साधुराम, थाना प्रभारी, रानियां
नागरिक अस्पताल में धरना देकर बैठे बच्ची के परिजन - फोटो : Sirsa
नागरिक अस्पताल में तैनात पुलिस बल - फोटो : Sirsa