सिरसा। डेरा सच्चा सौदा के संस्थापक शाह मस्ताना महाराज के जन्म दिवस पर शुक्रवार को कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें आसपास के राज्यों से भी लोग पहुंचे। कार्यक्रम में हजारों लोगों ने भाग लिया और नाम चर्चा की। इस मौके पर 330 परिवारों को 1 माह का राशन, 140 परिवारों को गर्म कंबल वितरित किए। भंडारे के दौरान ही साध-संगत की ओर से दिव्यांगों को ट्राई साइकिल व परिवारों को आशियाना मुहिम के तहत निर्मित मकानों की चाबियां सौंपी गई। इकलौती बेटी वाले परिवारों की मुहिम कुल का क्राउन के तहत एक शादी भी की गई। शाह सतनाम धाम में आयोजित कार्तिक पूर्णिमा के भंडारे की नाम चर्चा में हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, दिल्ली व अन्य राज्यों की साध संगत ने भाग लिया।
प्रशासन रहा अलर्ट, पुलिस ने जांची सुरक्षा व्यवस्था
डेरे में आयोजित कार्यक्रम को लेकर दिन भर जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर रहा। पुलिस की ओर से सुरक्षा के व्यापक स्तर पर इंतजाम किए गए। आसपास के एरिया में 8 नाके लगाकर वाहनों की जांच की गई। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रैफिक का रूट भी डायवर्ट किया गया। दो डीएसपी और तीन इंस्पेक्टर ड्यूटी पर तैनात रहे। एसपी डॉ. अर्पित जैन भी समय समय पर सुरक्षा व्यवस्था की रिपोर्ट लेते रहे। इस दौरान तीन कंपनियों को भी रिजर्व में रखा गया था।
पंडाल में बैठे श्रद्धालु प्रवचन सुनते हुए।- फोटो : Sirsa