सिरसा सदर थाना क्षेत्र के गांव रंगड़ी खेड़ा में स्थित एक ईंट भट्ठे पर काम करने वाले मजदूर ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। मजदूर आठ माह पहले ही उत्तर प्रदेश से सिरसा आया था और यहां अपनी भाभी के साथ ईंट भट्ठे पर काम कर रहा था। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के थाना गिरवा के गांव छोटामोड़ निवासी 32 वर्षीय शिव कुमार करीब आठ माह पहले ही सिरसा के गांव रंगड़ी खेड़ा में मजदूरी करने के लिए आया था। मजदूर ने रात को ईंट भट्ठे के पास स्थित पेड़ पर साफा बांधकर आत्महत्या कर ली। मृतक भट्ठे पर अपनी भाभी के साथ रहता था। सुबह जब अन्य मजदूरों ने देखा तो शिव पेड़ के साथ लटका हुआ मिला तो उन्होंने मामले की सूचना ईंट भट्ठा मालिक और पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया और सामान्य अस्पताल में पहुंचा दिया। बताया जा रहा है कि शिव कुमार मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। वह अविवाहित था। जांच अधिकारी राजपाल ने बताया कि मामले में इत्तेफाकिया कार्रवाई की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा।