ओढां। जवाहर नवोदय विद्यालय ओढां में कक्षा 6 में प्रवेश के लिए 29 अप्रैल को प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा के लिए जिले के विभिन्न ब्लॉकों में सात परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा का समय साढ़े 11 बजे से डेढ़ बजे तक रहेगा।
विद्यालय के प्राचार्य ललित कालड़ा ने बताया कि सभी परीक्षार्थी एक घंटे पहले परीक्षा केंद्रों पर पहुंच जाएं। उन्होंने बताया कि कक्षा 6 में 80 सीटों के लिए परीक्षा होगी। परीक्षा के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ओढां, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मंडी डबवाली, राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बडागुढ़ा, राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अनाज मंडी सिरसा, राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नाथूसरी चोपटा, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रानियां व राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ऐलनाबाद केंद्र बनाए गए हैं। प्राचार्य ने बताया कि परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए हैं। जिन विद्यार्थियों ने 1 जनवरी से 15 फरवरी के मध्य नवोदय विद्यालय में कक्षा छह में प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन किया था वे अपना प्रवेश पत्र किसी भी अटल सेवा केन्द्र, साइबर कैफे या नवोदय विद्यालय ओढां में आकर प्राप्त कर सकते हैं।