सिरसा। गांव धिंगतानियां में चोरों ने एक मकान में घुसकर 70 हजार की नकदी सहित लाखों रुपये के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। घटना के वक्त परिजन घर में सो रहे थे, लेकिन चोरों ने उन्हें घटना की भनक तक नहीं लगने दी।
पुलिस को दी शिकायत में मकान मालिक प्रहलाद सिंह ने बताया कि पांच सितंबर की रात्रि को परिवार के लोग खाना खाकर सो गए। देर रात्रि को चोरों ने दीवार फांदकर घर में घुसे और कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखी 70 हजार की नकदी, एक सोने का कड़ा, एक सोने की चेन, एक सोने की अंगूठी, दो जोड़ी चांदी की पाजेब व एक सूटकेस चोरी कर ले गए। सुबह परिवार की महिला उठी तो घटना का पता चला। परिजनों ने सामान संभाला तो उपरोक्त सामान गायब था, जिसपर पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।