सिरसा। लोकसभा और विधानसभा चुनाव के मद्देनजर संगठन को मजबूत करने के मकसद से सभी पार्टियों ने तैयारियां प्रारंभ कर दी है। इसी कड़ी में कांग्रेस ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दी है। वीरवार को कांग्रेस पर्यवेक्षकों ने विधानसभा क्षेत्रों के पार्टी कार्यकर्ताओं का जिलाध्यक्ष के चयन को लेकर मन टटोला। कांग्रेस के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं व अन्य कार्यकर्ताओं के साथ अलग से पर्यवेक्षकों ने बैठक की। पर्यवेक्षकों ने जाना कि वे किसे जिलाध्यक्ष बनाना चाहते हैं। इसके बाद उनके नामों पर चर्चा की।
कांग्रेस पार्टी को जिलास्तर पर मजबूत करने के लिए जिलाध्यक्ष बनाने की प्रक्रिया चल रही है। वीरवार को कांग्रेस हाईकमान ने कोऑर्डिनेटर वरिष्ठ नेता कुलजीत सिंह बाघल, खरखौदा के विधायक जयवीर वाल्मीकि व कालका के विधायक प्रदीप चौधरी को पर्यवेक्षक बनाकर सिरसा भेजा। कांग्रेस भवन में सुबह 11 बजे बैठक शुरू हुई। सभी कार्यकर्ताओं से विधानसभा क्षेत्र के अनुसार बातचीत की गई। बैठक के बाद कांग्रेस भवन से भारत जोड़ो यात्रा निकाली गई।
11 सितंबर को सौंपी जाएगी सिरसा व फतेहाबाद की रिपोर्ट
आईसीसी कोऑर्डिनेटर वरिष्ठ नेता कुलजीत सिंह बाघल ने कहा कि जिलाध्यक्ष बनाने को लेकर वरिष्ठ कार्यकर्ताओं व अन्य कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत हुई है। अनुभव के साथ किस कार्यकर्ता ने संगठन के लिए कितना काम किया है, कितने-कितने मेंबर बनाए हैं और किस विचारधारा से जुड़ा है। सभी को ध्यान में रखते हुए रिपोर्ट तैयार की गई है। इस रिपोर्ट को संगठन के प्रभारी दीपक बावरिया को सौंपी जाएगी। शुक्रवार को फतेहाबाद में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। दोनों जिलों की रिपोर्ट 11 सितंबर को सौंप देंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी एक मजबूत संगठन तैयार कर रही है। उम्मीद है कि इसी माह संगठन के सभी जिला अध्यक्षों की घोषणा हो जाएगी।
राजनीति कारणों से हुई है संगठन बनाने में देरी
पर्यवेक्षकों ने कहा कि संगठन बनने में देरी होने के पीछे कई राजनीति कारण रहे हैं। कुछ कार्यकर्ता किसी नेता के साथ जुड़े हैं, जबकि कुछ किसी ओर से नेता के साथ जुड़े हैं। सभी को एक ही विचारधारा के साथ लेकर चलना है। इसलिए हमने सभी कार्यकर्ताओं की सुनकर रिपोर्ट फाइनल करेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं है कि हम किसी नेता की विचारधारा को नहीं सुनेंगे। पार्टी के विकास से जुड़े विचार को सुना जाएगा। काम करने वालों को पीछे नहीं रहने देंगे। प्रदेश में कांग्रेस का माहौल है। हरियाणा में कांग्रेस आएगी। विपक्ष आपके समक्ष कार्यक्रम रोहतक को छोड़ सभी जगह हो चुका है और जनता का पूर्ण समर्थन मिला है।
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में पूर्व सांसद चरणजीत सिंह रोडी, कालांवाली विधायक शीशपाल केहरवाला, डाॅ. केवी सिंह, वीरभान मेहता, भरत सिंह बैनीवाल, राजकुमार शर्मा, उर्मिल भारद्वाज, संदीप नेहरा, विशाल वर्मा, आनंद बियानी, सुभाष जोधपुरिया आदि नेता मौजूद रहे।