पुलिस कर्मचारियों से भीख मांगती आंगनबाड़ी वर्कर्स
- फोटो : Sirsa
सिरसा। आंगनबाड़ी वर्कर्स ने वीरवार को शहर में आमजन से भीख मांगकर अपना रोष जताया। सरकार के खिलाफ नाराजगी व्यक्त करते हुए प्रदर्शन भी किया। सुबह लघु सचिवालय से रवाना हुए वर्कर्स बरनाला रोड होते हुए लालबत्ती चौक पर कूच किया, जहां से वापस नारेबाजी करते हुए धरनास्थल पहुंची।
मांगों को लेकर पिछले काफी समय से लघु सचिवालय के समक्ष आंगनबाड़ी वर्कर्स का धरना लगातार जारी है। वीरवार को सभी धरनारत आंगनबाड़ी वर्कर्स लघु सचिवालय से एकत्रित होकर शहर की और रवाना हुई। इस दौरान सभी प्रदर्शनकारी वर्कर्स ने हाथों में डिब्बे लेकर आमजन से भीख भी मांगी। वहीं सरकार के खिलाफ मांगें न मानने को लेकर रोष जताते हुए नारेबाजी की। इसके अलावा भूमण शाह चौक स्थित नाके पर तैनात पुलिस वालों से भी भीख देने के लिए निवेदन किया। इसके पश्चात बरनाला रोड पर स्थित तमाम दुकानदारों सें भी सहयोग के लिए अपील की। इसके बाद वहां से होते हुए लालबत्ती चौक पर पहुंची और सरकार के खिलाफ जोरदार रोष प्रदर्शन किया।
उपमुख्यमंत्री के निवास स्थल पर तैनात रहा भारी पुलिस बल
आंगनबाड़ी वर्कर्स की ओर से किए गए प्रदर्शन को लेकर उपमुख्यमंत्री व बिजली मंत्री के निवास स्थान की ओर जाने वाले रास्तों पर भारी पुलिस बल तैनात की गई थी। जिसमें महिला पुलिस की संख्या भी अधिक रही। हालांकि इस दौरान सभी प्रदर्शनकारी वर्कर्स ने अपना संयम बनाए रखा और किसी प्रकार का विवाद नहीं हुआ।
स्टेडियम के गेट पर दो दिवसीय डालेंगी पड़ाव
बरनाला रोड स्थित शहीद भगत सिंह स्टेडियम के मुख्य गेट पर शुक्रवार से सभी आंगनबाड़ी वर्कर्स 24 घंटे का दो दिवसीय पड़ाव डालेंगी। वहीं आंगनवाड़ी वर्कर्स द्वारा दिए जा रहे पड़ाव के ठीक सामने ही बाईपास रोड पर उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला का निवास स्थान भी है। और ठीक इसके पीछे बिजली मंत्री रणजीत सिंह का भी निवास है।
हाथों में डिब्बे लेकर रोष जताती आंगनबाड़ी वर्कर्स- फोटो : Sirsa