छात्रों को समझाते हुए एसएचओ बहादुर सिंह।
- फोटो : Sirsa
ट्रैफिक पुलिस ने सुबह चेकिंग के दौरान नेशनल कॉलेज में पढ़ने वाले एक छात्र का लापरवाही से बाइक चलाने पर 24 हजार रुपये का चालान काट दिया। भारी भरकम चालान काटने से काफी छात्र उक्त छात्र के समर्थन में आ गए और रोष जताने लगे। थोड़ी ही देर बाद छात्र के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। ट्रैफिक थाना प्रभारी बहादुर सिंह ने हंगामा कर रहे छात्रों व परिजनों से कहा कि छात्र विश्वेश के पास मौके पर कोई भी दस्तावेज नहीं था और उसने हेलमेट भी नहीं पहना हुआ था। पुलिस को बाइक से जुड़े दस्तावेज दिखाने पर चालान कम कर दिया जाएगा।
ट्रैफिक थाना प्रभारी बहादुर सिंह ने बताया कि वे आज सुबह बस अड्डा के पास मौजूद थे। तभी एक युवक विश्वेश लापरवाही से बाइक चलाता हुआ दिखा। पुलिस ने उसका बाइक रुकवाया। युवक विश्वेश ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। उसने बताया कि वह बी कॉम प्रथम वर्ष कॉलेज में पढ़ता है। पुलिस ने उससे बाइक के दस्तावेज व लाइसेंस मांगा, जो वह दिखा नहीं सका। छात्र से कहा गया है कि वह सभी दस्तावेज व लाइसेंस पुलिस समक्ष पेश कर दे। अगर उक्त दस्तावेज पुलिस समक्ष पेश किए जाते हैं तो चालान केवल हेलमेट का भरवाया जाएगा।
मोटरसाइकिल के दस्तावेज दिखाने पर जुर्माना कम कर दिया जाएगा। मौके पर दस्तावेज न दिखाने के कारण मोटर साइकिल को इंपाउंड कर दिया गया है।
- बहादुर सिंह, एसएचओ ट्रैफिक पुलिस।