शहर के एक बाजार से रात को एक नाबालिग अचानक घर से लापता हो गई। परिजनों ने पहले तो अपने स्तर पर नाबालिग छात्रा की खोज की। छात्रा के न मिलने पर पुलिस को सूचना दी। लेकिन बुधवार सुबह पांच बजे छात्रा अपने घर वापस आ गई। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। महिला थाने में पूछताछ के लिए लाई गई नाबालिग ने बाथरूम में रखे हारपिक का सेवन कर लिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। पुलिस ने उसे पहले निजी अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद गंभीरावस्था के चलते जिला नागरिक अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
मामले के अनुसार उक्त नाबालिग शहर के ही एक स्कूल में पढ़ती है। रात को नाबालिग अचानक घर से गायब हो गई। देर रात्रि जब परिजनों ने उसे बिस्तर पर नहीं पाया तो कंट्रोल रूम में सूचित किया। कंट्रोल रूम से शहर में वीटी कर दी गई। परिजन काफी देर तक पुलिस के साथ उसे तलाशते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। सुबह करीब 5 बजे नाबालिग की सहेली व एक युवक उसे गाड़ी पर घर छोड़कर चले गए। नाबालिग के घर आने के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद महिला थाना पुलिस से कर्मचारी उसे पूछताछ के लिए थाने में ले गए।
करीब दस बजे के आसपास नाबालिग ने बाथरूम जाने की बात कही। बाथरूम में जाने के बाद नाबालिग ने हारपिक को गटक लिया। काफी देर तक नाबालिग के बाहर न आने के बाद महिला पुलिस कर्मी उसे देखने के लिए गई तो वह बेसुध पड़ी थी, जिसके बाद पुलिस कर्मचारियों ने आनन-फानन में उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस प्रवक्ता सुरजीत सहारण ने बताया कि नाबालिग को बहला फुसलाकर ले जाने के आरोप में जयंत निवासी कीर्तिनगर के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।