संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। शहर के पुराने कचहरी रोड और मिनी बाईपास स्थित फाटक पर ओवरब्रिज या अंडरपास बनाने के लिए पीडब्ल्यूडी ने काम शुरू कर दिया है। अधिकारियों ने फिजिबिलिटी जांच कर रिपोर्ट रेलवे को भेज दी है। अब इस पर रेलवे फैसला लेगा। साथ ही प्रोजेक्ट की ड्राइंग भी तैयार कर ली गई है। जल्द ही रेलवे की मंजूरी मिलने के बाद आगे का काम शुरू किया जाएगा।
शहर के रेलवे स्टेशन के पास स्थित पुरानी कचहरी रोड पर फाटक बंद होने के दौरान अक्सर जाम लगता है। फाटक दिन भर में 20 से ज्यादा बार बंद होता है। ऐसे में ट्रैफिक जाम होने के कारण वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसी प्रकार की स्थिति डबवाली रोड और मिनी बाईपास पर स्थित रेलवे फाटक की रहती है। यहां हिसार, दिल्ली से आकर डबवाली, रानियां, ऐलनाबाद और शहर की ओर जाने वाले बड़े वाहनों का जाम लगता है। ऐसे में सरकार ने इस समस्या से निजात दिलाने के लिए योजना तैयार की।
सीएम ने 29 मई को प्रगति रैली में की थी घोषणा
ओढ़ा में 29 मई को प्रगति रैली के दौरान मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर के पुरानी कचहरी रोड और डबवाली रोड स्थित फाटक पर अंडर पास या ओवरब्रिज बनाया जाएगा। जो भी फिजिबल होगा। इसके लिए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों ने फिजिबिलिटी जांचने के भी आदेश दिए। इसके बाद पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों ने इस पर काम शुरू किया। अधिकारियों ने पुरानी कचहरी रोड और डबवाली रोड स्थित फाटक का सर्वे किया और आसपास की जमीन की भी जांच की। सर्वे के दौरान ये देखा गया कि किस फाटक पर रेलवे ओवरब्रिज बनाया जा सकता है और किस फाटक पर अंडरपास।
सर्वे हुआ पूरा, अब रेलवे को लेेेना है फैसला
पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों ने दोनों फाटक का सर्वे कर लिया है। इसकी रिपोर्ट फाइनल कर दी गई है। हालांकि अभी अधिकारियों ने ये खुलासा नहीं किया है कि किस फाटक पर अंडरपास और किस फाटक पर ओवरब्रिज बनेगा। अधिकारियों का कहना है कि रेलवे से मंजूरी मिलने पर ही ये रिपोर्ट सार्वजनिक की जाएगी। हालांकि दोनों प्रोजेक्ट की ड्राइंग भी तैयार कर ली गई है।
50 हजार से ज्यादा वाहन चालकों को होगा लाभ
शहर के डबवाली रोड को हिसार रोड से जोड़ने वाले मिनी बाईपास से भारी वाहन गुजरते हैं। कई बार फाटक बंद होने से यहां दिन में 20 से ज्यादा बार जाम की स्थिति पैदा होती है। यहां बड़े वाहनों को खड़े रहने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल पाती। ऐसे में मिनी बाईपास, डबवाली रोड, सिविल अस्पताल रोड के साथ-साथ अन्य लिंक रोड पर भी जाम लगता है। शहर के पुरानी कचहरी रोड स्थित फाटक बंद होने से भी इसी प्रकार की स्थिति रहती है। यह प्रोजेक्ट पूरा होने पर करीब 50 हजार वाहन चालकों को लाभ मिलेगा।
सर्वे कर दोनों फाटक पर बनने वाले अंडरपास या ओवरब्रिज की फिजिबिलिटी की रिपोर्ट तैयार कर ली गई है। रिपोर्ट के साथ ड्राइंग भी तैयार और दोनों रेलवे को भेज दी गई है। अब मंथन चल रहा है और रेलवे की ओर से फैसला लिया जाना है। जो भी फैसला लिया जाएगा, उसके बाद सरकार को पत्र भेज कर आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी। - कृष्ण गोयत, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी, सिरसा।