कालांवाली। क्षेत्र के गांव दादू में भाजपा नेता एवं राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के चेयरमैन विजय सांपला के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर किसानों ने गांव दादू में एकत्रित होकर विरोध जताया। डबवाली के डीएसपी कुलदीप सिंह ने प्रदर्शन कर किसानों को समझाने का प्रयास किया परंतु वे अपनी मांग पर अडे़ रहे कि भाजपा नेता को गांव में घुसने नहीं देंगे। किसानों का प्रदर्शन शाम तक जारी रहा। विरोध प्रदर्शन के कारण शाम छह बजे तक भाजपा नेता गांव में नहीं पहुंच सके।
भाजपा नेता विजय सांपला ने दादू गांव में हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष बलजीत सिंह दादूवाल से मिलने के लिए पहुंचना था। विजय सांपला के प्रस्तावित कार्यक्रम के दौरान किसानों द्वारा विरोध प्रदर्शन किए जाने की जानकारी मिलने पर विभिन्न थानों की पुलिस, आरएएफ की टुकड़ी तैनात की गई। इसके अलावा एसडीएम कालांवाली विजय सिंह, डीएसपी डबवाली कुलदीप सिंह, नायब तहसीलदार रामनिवास भी मौके पर पहुंच गए। प्रदर्शनकारी किसान हाथों में काले झंडे लिए हुए थे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। किसानों का कहना था कि वे गांव में भाजपा नेताओं को घुसने नहीं देंगे।
किसान नेता लखविंद्र सिंह, गुरदास सिंह लकड़ावाली, गुरप्रीत सिंह दादू ने कहा कि सरकार द्वारा लागू किए गए तीनों कृषि कानून के विरोध में उनका संघर्ष लगातार जारी है। गांवों में भाजपा व जेजेपी नेताओं के आने पर विरोध किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि संत बलजीत सिंह दादूवाल भाजपा नेता को बुलाकर गांव में माहौल खराब कर रहे हैं।
वहीं, जत्थेदार बलजीत सिंह दादूवाल ने कहा कि विजय सांपला जोकि राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के चेयरमैन है, उन्होंने गुरुद्वारा में मत्था टेकने के लिए आना था। गुरुद्वारा में मत्था टेकने के लिए कोई भी आ सकता है। कुछ लोग किसान आंदोलन के नाम पर अपनी राजनीतिक रोटियां सेक रहे हैं।
रास्ता रोकने के मामले में 700 से अधिक किसानों पर केस दर्ज
सिरसा। कालांवली के गांव दादू में विजय सांपला चेयरमैन राष्ट्रीय आयोग अनुसूचित जाति भारत सरकार का रास्ता रोककर विरोध करने पहुंचे 700 से अधिक किसानों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस के अनुसार किसान नेता गुरदास सिंह लकड़ावाला, दिलीप सिंह एक्स सरपंच दादूवाल, चरण सिंह, जगदेव सिंह, जगमोहन सिंह, बलवीर सिंह, बिक्कर सिंह, इकबाल सिंह, भिंडी त्रिलोकेवाला, बलवीर सिंह, जस्सा सिंह, गुरप्रीत सिंह, गुरपाल सिंह, गुग्गू गिल, गुरनाम सिंह, कान सिंह, गुरदास सिंह, लखविंदर सिंह, रूद्र सिंह मानसा, लखा सिधाना सहित 700 अन्य किसानों पर कालांवली थाना में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज हुआ है।
दादू में विरोध प्रदर्शन करते हुए किसान।- फोटो : Sirsa