सिरसा। ऐलनाबाद चुनाव को लेकर वीरवार को भाजपा प्रत्याशी के नामांकन दर्ज करने से पहले ही भारी संख्या में किसान पहुंच गए। ऐसे में जिला प्रशासन ने जहां एक ओर उनके काफिला के लिए भारी सुरक्षा उपलब्ध करवाई वहीं दूसरी ओर ऐलनाबाद स्थित उपमंडल कार्यालय के आसपास भी सुरक्षा कड़ी की गई। पुलिस के साथ-साथ अर्द्धसैनिक बलों के जवानों को तैनात किया गया। वाटर केनन के साथ-साथ आंसू गैस के गोलों से तैनात जवानों को तैनात किया गया। डीसी अनीश यादव और एसपी डॉ. अर्पित जैन ने स्वयं सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाली। तीन लेयर की सुरक्षा बनाई गई। भाजपा के उम्मीदवार के तौर पर गोबिंद कांडा का नाम सामने आते ही नामांकन को लेकर भी कार्यक्रम तय हुआ। इसके साथ ही किसानों ने भी अपनी रणनीति बनानी शुरू कर दी और भाजपा का विरोध करने के लिए भारी संख्या में ऐलनाबाद स्थित उपमंडल कार्यालय पहुंच गए।
नामांकन दर्ज करने के लिए गोबिंद कांडा को सुबह करीब 10 बजे आना था लेकिन इससे पहले ही किसान पहुंच गए। इतना ही नहीं किसान काले झंडे लेकर सिरसा-ऐलनाबाद मार्ग पर पड़ने वाले गांव मंगाला और मल्लेकां में भी सड़क किनारे पर आ गए। यहां भी पुलिस फोर्स को तैनात किया गया ताकि किसी भी प्रकार की चूक ना हो। इसके अलावा ऐलनाबाद उपमंडल कार्यालय के बाहर दो लेयर की सिक्योरिटी बनाई। इनके बीच में रस्सा बांधकर रास्ता भी रोका गया। नामांकन के लिए आने वाले वाहनों की एंट्री के लिए सड़क को दो भागों में बांटा गया। बैरीकेड लगाकर रास्ता रोका गया ताकि किसान इसमें बाधा ना बन सकें। इस दौरान डीसी अनीश यादव और एसपी डॉ. अर्पित जैन ने भी स्वयं सुरक्षा व्यवस्था बनाने के लिए सड़क पर तैनात रहे और निर्देश देते रहे। इसके साथ-साथ वाटर केनन, दमकल की गाड़ी को भी तैनात किया गया।
भाजपा के झंडों से भरी पिकअप पर किया कब्जा, लगाई आग
उपमंडल कार्यालय के बाहर सड़क के एक तरफ किसानों ने काले झंडे लेकर प्रदर्शन किया जबकि गेट की तरफ सुरक्षा बल तैनात थे। काफिला आया तो सीधा एंट्री करवा दी गई और किसानों को उनके पास जाने से रोक दिया गया। इस दौरान भाजपा के झंडों से भरी एक पिकअप को प्रदर्शनकारी किसानों ने दबोच लिया। पिकअप में बड़ी संख्या में भाजपा के झंडे पड़े थे। उग्र किसानों ने पिकअप पर कब्जा करते हुए सभी झंडों को उतार लिया और सड़क पर फेंककर उनमें आग लगा दी। इसके अलावा भाजपा और जजपा नेताओं के साथ-साथ मीडिया की गाड़ियों को भी घेर लिया और उन पर हाथ मारे।
किसान नेता विकल पचार के साथ हुई बहस
वीरवार सुबह हरियाणा संयुक्त मोर्चा के किसान नेता विकल पचार भी पहुंच गए। लेकिन उन्हें यहां एकत्रित प्रदर्शनकारी किसानों ने घेर लिया। किसानों ने कहा कि विकल पचार लोगों को भ्रमित कर रहा है और वह किसी का प्रतिनिधि नहीं है। इतना ही नहीं विकल पचार की गाड़ी पर लगा पोस्टर भी फाड़ दिया। बाद में विकल वहां से निकल गए।
भाजपा कार्यालय घेरा, आंबेडकर चौक पर भी लगाया जाम
नामांकन दर्ज करने के दौरान विरोध करने के बाद किसान वहां से रवाना हो गए। प्रदर्शनकारियों में शामिल आधे किसान आंबेडकर चौक पर पहुंच गए और यहां स्थित भाजपा कार्यालय का विरोध शुरू कर दिया। कई घंटों तक किसान यहां भी विरोध प्रदर्शन करते रहे। पुलिस बल को भी यहां भेजा गया और बीजेपी कार्यालय की सुरक्षा बढ़ाई गई।
भाजपा प्रत्याशी गोबिंद कांडा के नामांकन के दौरान बाहर प्रदर्शन करते किसान और तैनात पुलिस बल।- फोटो : Sirsa
प्रदर्शन के दौरान भाजपा के झंडों से भरी गाड़ी से उतारकर झंडे फूकते किसान।- फोटो : Sirsa